21 सितम्बर को धूमधाम से मनाया जाएगा महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह : आयुष गुप्ता
अंबाला, 15 सितम्बर। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर अग्रवाल वैश्य समाज अम्बाला इकाई द्वारा आगामी 21 सितम्बर को भव्य आयोजन किया जा रहा है। ये जानकारी देते हुए समाज की अम्बाला शहरी विधानसभा अध्यक्ष आयुष गुप्ता ने बताया कि स्थानीय सेक्टर-9 स्थित अग्रवाल भवन में यह भव्य आयोजन आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में अग्रकुल प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन जी के जीवन प्रसंगों को नाटकीय रूप से मंचन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा समाज की सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नाट्य रूपांतर के माध्यम से महाराजा अग्रसेन जी के त्याग, सेवा, समानता, न्यायप्रियता और उद्यमशीलता की प्रेरणादायी गाथाओं को प्रस्तुत किया जाएगा। जिसका उद्देश्य न केवल महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों और जीवन मूल्यों का प्रचार-प्रसार करना है बल्कि नई पीढ़ी को उनके प्रेरणादायी जीवन से जोडऩा भी है। अंबाला शहर द्वारा आयोजन इस वर्ष विशेष रूप से यादगार और ऐतिहासिक बनने जा रहा है।
उन्होंने बताया कि समाज के प्रदेशाध्यक्ष अशोक बुवानीवाला, कार्यकारी अध्यक्ष पवन अग्रवाल एवं लोकसभा अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल की अध्यक्षता में होने वाले इस समारोह में प्रताप स्पिनटैक्स प्रा.लि. के चेयरमैन सुरिन्दर बंसल मुख्यातिथि एवं जिंदल इन्फ्रा वल्र्ड के चेयरमैन सुरेश जिंदल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जयंती केवल एक उत्सव मात्र नहीं, बल्कि समाज की एकता और सहयोग का प्रतीक है। महाराजा अग्रसेन जयंती हमें यह संदेश देती है कि हम समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलें और एक ईंट एक रुपया की परंपरा को जीवन में आत्मसात करें। उन्होंने बताया कि आयोजन समिति की ओर से तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल को विशेष रूप से सजाया जाएगा और उपस्थित जनसमूह के लिए उचित बैठक व्यवस्था, प्रकाश, ध्वनि और अन्य सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। आयोजन समिति ने समाज के सभी वर्गों से आग्रह किया है कि वे इस अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर महाराजा अग्रसेन जी की शिक्षाओं को आत्मसात करें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *