पानीपत। इंसार बाजार में वीरवार को दुकानदारों व नगर निगम अधिकारियों के बीच जमकर तनातनी हुई। दुकान के सामने फड़ी लगवाने को लेकर और दोबारा अतिक्रमण होने पर नगर निगम अधिकारी कार्रवाई के लिए पहुंचे।

यहां दुकानदारों ने टीम को घेर लिया। दुकानदार जेसीबी के सामने बैठ गए और यहां जमकर रोष प्रदर्शन किया। जेसीबी के सामने बैठ गए दुकानदारों और नगर निगम अधिकारियों के बीच जमकर बहस हुई।

नगर निगम अधिकारियों ने मौके पर पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने दुकानदारों को जेसीबी के रास्ते से हटाया और अतिक्रमण की कार्रवाई शुरू की। नगर निगम की टीम ने यहां दुकानों के आगे बनाए गए थड़ों को तोड़ दिया। इससे रोषित दुकानदारों ने बाजार बंद कर दिया।

लगातार अतिक्रमण पर कार्रवाई कर रहा नगर निगम

नगर निगम अधिकारियों ने भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी है। नगर निगम पिछले तीन माह बाजार को जाम व अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए काम कर रहा है। लगातार अतिक्रमण पर कार्रवाई की जा रही है।

विधायक ने भी दुकानदारों से अतिक्रमण न करने की अपील की है। प्रशासन ने फड़ी वालों को बाजार से फ्लाईओवर के नीचे साइट भी दी है। नगर निगम के अधिकारी लगातार बाजारों की वीडियोग्राफी करवा रहे हैं। जहां दोबारा अतिक्रमण होने लगा है, वहां कार्रवाई की जा रही है।

वीरवार को नगर निगम एक्सईएन गोपाल कलायत के पास एक वीडियो आई थी, जिसमें दुकानदार दुकान के बाहर फड़ी लगाते हुए दिखाई दिए। दोबारा थड़े बने मिले। इसी के आधार पर वह अपनी टीम को लेकर बाजार में कार्रवाई के लिए पहुंचे। यहां दुकानदारों ने उनको घेर लिया और कार्रवाई रोक दी।

अधिकारियों के साथ हुई जमकर बहस

दुकानदार जेसीबी के आगे बैठ गए और जमकर रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान उनकी अधिकारियों के साथ जमकर बहस हुई। उन्होंने सिटी पुलिस थाना से पुलिस बल को बुला लिया। पुलिस की मौजूदगी में नगर निगम ने दुकानों के सामने बने थड़े तोड़े।

इससे नाराज दुकानदारों ने बाजार बंद कर दिया। दिन भर बाजार में तनातनी का माहौल रहा। दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन उनके साथ नाइंसाफी कर रहा है। बाजार चलने नहीं दिया जा रहा। उन पर अवैध रूप से कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में वह दुकान चलाने में असमर्थ हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *