टी0बी0 रोगियों को गोद लेकर दे पोषण सहायता
करनाल,10 सितम्बर। उप-सिविल सर्जन (टी॰बी॰) डाॅ.सिम्मी कपूर ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रधानमंत्री टी0बी0 मुक्त भारत को जन आंदोलन का सहयोग देने की दिशा में लगातार सराहनीय कदम उठाए जा रहे है। प्रधानमंत्री टी0बी0 मुक्त भारत अभियान के तहत सामुदायिक सहायता कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य टी0बी0 रोगियों का उपचार के दौरान अतिरिक्त पोषण व अन्य सहायता प्रदान करना है। कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य टी0बी0 के उपचार के परिणामों को बेहतर बनाना है। टी0बी0 को हराने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ सामुदायिक भागीदारी भी बहुत महत्वपूर्ण है। हम सभी को मिलकर इस दिशा मे काम करना चाहिए ।
उन्होंने बताया प्रधानमंत्री टी0बी0 मुक्त भारत के तहत भारत सरकार द्वारा निक्षय मित्र योजना चलाई जा रही हैं इस कार्यक्रम की शुरुआत 9 सितंबर को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु द्वारा की गई थी जिसका उद्देश्य उपचार रत टी0बी0 रोगियो का समाज के विभिन्न वर्गो से सहयोग उपलब्ध कराना है। इस पहल के तहत कोई भी व्यक्ति कॉर्पोरेट, सरकारी संगठन या समूह निक्षय मित्र बन सकता है तथा टी0बी0 रोगी को गोद लेकर उसके उपचार के दौरान सहायता कर सकता हैै।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य टी0बी0 रोगियों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना, उन्हे दवा समय पर लेने के लिए प्रेरित करना, उपचार पूरा करवाना व साथ में समाज में व्याप्त कलंक व भेदभाव को कम करना है। इस पहल का सबसे बड़ा लक्ष्य है कि मरीज को बीमारी से लड़ने की शक्ति मिले व वह आत्म विश्वास के साथ उपचार पूरा कर सके। जिला करनाल में इस समय लगभग 1800 ऐसे रोगी है जिनको गोद लिया जाना है व सहायता उपलब्ध करानी है। उन्होंने आमजन से अनुरोध है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या मे इस मुहिम में शामिल हो ताकि करनाल को टी0बी0 मुक्त किया जा सके ।
