फरीदाबाद। जिले में बृहस्पतिवार तड़के शुरू हुआ वर्षा का सिलसिला शाम तक चलता रहा। दिन में कई बार रुक-रुक कर वर्षा होती रही। इससे जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर गाड़ियां रेंगने लगीं। लोग रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए घर से निकलने के लिए कतराते दिखे। छाते और रेनकोट का सहारा लेकर सभी सड़कों पर नज़र आये। इस बीच बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कई जगह जलभराव

वर्षा होने पर जगह-जगह जलभराव हो गया था। ऐसे में कई जगह जाम लग गया और यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। एनआइटी, ओल्ड फरीदाबाद, बल्लभगढ़ में कई जगह लोग जलभराव से परेशान रहे। वैसे मंगलवार को भी वर्षा हुई थी।

एक दिन के बाद अब जब बृहस्पतिवार को फिर झमाझम वर्षा हुई तो शहर की स्थिति और बिगड़ गई। एक नंबर, दो नंबर, तीन नंबर, पांच नंबर के साथ ही जवाहर कालाेनी 45 फुट रोड पर पानी भर गया। कपड़ा कालोनी, जवाहर कॉलोनी खंड बी,सारन रोड , नंगला रोड, भड़ाना चौक, सेक्टर-22, तथा संजय काॅलोनी में कई जगह जलभराव रहा।

राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई जगह जलभराव होने से वाहन धीमी गति से चले। एनआइटी डबुआ कालोनी सब्जी मंडी तथा बल्लभगढ़ बस अड्डा परिसर का हाल भी खराब रहा। यहां नगर निगम वर्षों से पानी निकासी का इंतजाम नहीं कर पाया है। पिछले कुछ दिनों से वर्षा नहीं हुई थी तो एक बार फिर से गर्मी हो गई थी। अब वर्षा होने से लोगों ने उमस भरी गर्मी से राहत महसूस की।

नगर निगम में आईं 10 शिकायतें

नगर निगम में जलभराव की 10 शिकायतें आईं। निगम के नियंत्रण कक्ष में पहुंची शिकायतों को संबंधित वार्ड के कनिष्ठ अभियंता तक पहुंचाई गईं। जलभराव के मामले में लगातार सुधार हो रहा है। सड़कें और नालों की सफाई होने से पहले जैसा जलभराव नहीं है।

वार्ड कार्यालय को दें सूचना

“अगर कभी किसी क्षेत्र से कोई शिकायत आती है तो तुरंत दूर कर दी जाती है। अब लोगों की सुविधा के लिए नगर निगम मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष बनाया है। लोग वार्ड कार्यालय आकर भी शिकायत कर सकते हैं। जैसे ही शिकायत आती है, उसे दूर किया जाता है।”

-ओमबीर सिंह, अधीक्षण अभियंता, नगर निगम।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *