तोशाम (भिवानी)। गांव ढाणीमाहू में रविवार को हुई आगजनी की घटना के बाद लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोपित युवक ने वाट्सएप कॉल कर सरपंच को परिवार सहित जान से मारने व पूरे गांव को श्मशान बनाने की धमकी दी है।

साथ ही घर पर हथियार होने की बात भी कही है, जो किसी अन्य व्यक्ति के लाइसेंसी हथियार है। सरपंच को धमकी देते हुए कहा कि पुलिस से डीवीआर दिला दें।

तोशाम थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव ढाणीमाहू के सरपंच रणबीर सिंह ने बताया कि सात जुलाई की सुबह नौ बजकर आठ मिनट पर आसीन खान ने उसके फोन पर वाट्सएप कॉल के माध्यम से परिवार सहित उसे जान से मारने की धमकी दी है।

यही नहीं आसीन ने पूरे गांव को श्मशान बनाने की बात कही। फोन पर उसे अपशब्द कहे। उसके पास इसकी रिकार्डिंग भी है। यह आडियो रिकार्डिंग इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वहीं ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की।

प्रशासन ने किया ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त

गांव ढाणीमाहू में मुस्लिम परिवार के दो घरों में आगजनी के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हमलावर आरोपित राजस्थान के बताए जा रहे है। पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया है।

वहीं आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी विनोद सांगवान को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।

ग्रामीण बोले- निष्पक्ष जांच करें नहीं तो देंगे सामूहिक गिरफ्तारी

इस मामले को लेकर सोमवार को गांव में एक पंचायत बुलाई गई, जिसकी अध्यक्षता पूर्व सरपंच प्रतिनिधि मुकेश ने की। पंचायत में निर्णय लिया गया कि आगजनी के मामले में निष्पक्ष जांच करवाई जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने गांव से चार-पांच लोगों को हिरासत में लिया है, जो कि निर्दोष है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि किसी निर्दोष ग्रामीण को गिरफ्तार किया जाता है, तो पूरा गांव सामूहिक गिरफ्तारी देगा।

यह है मामला

राजस्थान के हमीरवास थाना क्षेत्र की एक युवती को ढाणीमाहू निवासी युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। युवती के लापता होने पर स्वजन ढाणीमाहू पहुंचे और आरोपित युवक के स्वजनों को लड़की बरामद कराने के लिए कहा।

इसके बाद युवक के स्वजन भी गांव से गायब हो गए। इसे लेकर राजस्थान से आए कुछ युवकों ने युवक के घर तोड़फोड़ की और आग लगा दी। युवती को पुलिस ने चंडीगढ़ से बरामद कर लिया है।

पीड़ित की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

– महाबीर सिंह, प्रभारी, तोशाम थाना पुलिस।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *