घरौंडा के फुरलक रोड पर स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य का किया शिलान्यास
10 साल पहले और आज के घरौंडा शहर में जमीन-आसमान जितना अंतर
करनाल, 10 जुलाई।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने शुक्रवार को घरौंडा और फुरलक में 1 करोड़ 54 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भविष्य में हलके के विकास कार्यों में और तेजी आएगी। हलके की तरक्की के काम जारी रहेंगे। सरकार सत्ता को सेवा मानकर विकास करा रही है। उन्होंने कहा कि जिस गति से विकास कार्य हो रहे हैं, उससे 10 साल पहले और आज के घरौंडा शहर में जमीन-आसमान के अंतर को महसूस किया जा सकता है।
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने घरौंडा के फुरलक रोड पर स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य का शिलान्यास किया। नगर पालिका की ओर से 1 किमी लंबी सड़क पर 174 लाइट लगवाई जाएंगी। हर लाइट 120 वाट क्षमता की होगी। दोनों साइड ब्रैकेट वाले खंभों की संख्या 87 और ऊंचाई 9 मीटर होगी। इस कार्य पर 85 लाख 74 हजार रुपये खर्च होंगे। उन्होंने दुर्गा कालोनी में 36.02 लाख रुपये की लागत से लगाए जाने वाले ट्यूबवेल का भी शिलान्यास किया। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से लगाए जाने वाले इस ट्यूबवेल से दुर्गा कॉलोनी, जैल सिंह कालोनी, भट्ठा कालोनी, राजीव कालोनी के लोगों की पेयजल आपूर्ति की मांग पूरी हो सकेगी। नलकूप पर कमरा बनाने, पाइप लाइन बिछाने, गेट व चारदीवारी बनाने आदि का कार्य छह महीने में पूरा कर लिया जाएगा।

फुरलक गांव में भी दी विकास कार्यों की सौगात
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने गांव फुरलक के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से 26.3 लाख रुपए की लागत से 3 कमरों और पंचायत की ओर से अंबेडकर भवन में 6 लाख रुपये की लागत से बनवाई जाने वाली लाइब्रेरी का भी शिलान्यास किया। घरौंडा में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की पूरी कोशिश है कि हलके में अधिकाधिक विकास कार्य हों। दस साल पहले के और आज के घरौंडा में जमीन-आसमान का अंतर है। भविष्य में भी निर्बाध गति से कार्य जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि एसएचजी की महिलाओं के लिए घरौंडा में नए प्रशिक्षण केंद्र का शिलान्यास महीने भीतर कर लिया जाएगा। सरकार महिला सशक्तिकरण के प्रति गंभीर है। महिलाएं मजबूत होंगी तो समाज व राष्ट्र भी मजबूत होगा।विश्वास दिलाया कि सेवक के रूप में वे भविष्य में भी कार्य करते रहेंगे।

हलके में तेजी से हो रहे विकास कार्य
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सोच के साथ कार्य कर रहे हैं कि देश तरक्की करे और लोगों को अधिकाधिक सुविधाएं मिलें। पहले की सरकारें सत्ता को चौधर मानती थी लेकिन वर्तमान सरकार इसे सेवा मानती है। घरौंडा में कालेज, एसडीएम कार्यालय व बस अड्डे की स्थापना, अंडर पास का निर्माण, पुल, आईटीआई, कम्युनिटी सेंटर, स्कूल व अस्पतालों का उन्नयन जैसे कार्य समाज की भलाई के लिए ही हैं। चालीस से अधिक अवैध कालोनियों को अप्रूव्ड करा कर उनमें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। दस सालों में 80 नई सड़कों और 300 से ज्यादा खेतों के रास्तों को पक्का कराया गया है। मेडिकल यूनिवर्सिटी व रिंग रोड शुरू होने के बाद क्षेत्र में न केवल लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ होंगी बल्कि रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। करनाल में नई चीनी मिल से पूरे इलाके के किसानों को फायदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि हलके में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।

इस अवसर पर नगर पालिका चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता, सचिव रवि प्रकाश शर्मा, पार्षद बलविंद्र सिंहमार, जय नारायण, सेवा पुरूषोतम सेठी, एसडीओ रवींद्र सैनी, पार्षद अनिल जावा, पार्षद अमित गुप्ता, पार्षद अनुज गुप्ता, पार्षद पंकज गुलाटी, महामंत्री सुरेंद्र सैनी, सुरेंद्र जैन आदि मौजूद रहे।

विद्यार्थी खेल और योग के लिए भी समय निकालें
फुरलक के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पढ़ाई जीवन का आधार है। लेकिन पढ़ाई के साथ-साथ थोड़ा सा समय खेलों और योग के लिए भी निकालना चाहिए। इससे शरीर व मन-मस्तिष्क स्वस्थ रहता है और कार्य करने की क्षमता बढ़ती है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम, डॉ. भीम राम अंबेडकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए विद्यार्थियों को नई सोच के साथ आगे बढ़ने, महापुरूषों की जीवनी पढ़कर उनके विचारों व दिखाए रास्ते पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में जो कुछ भी बनना चाहें, उसके लिए कड़ी मेहनत करें। कहा कि केवल डिग्री के लिए पढ़ाई न करें। अधिकाधिक ज्ञान अर्जित कर प्रतियोगी परीक्षाओं को पास करें। आज नौकरियां सिफारिश की बजाए मेरिट पर दी जा रही हैं। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि किसी भी छात्र-छात्रा को पढ़ाई के लिए संशाधन की कमी महसूस हो तो उन्हें बता देना। हर संभव सहायता की जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष ने स्कूल परिसर में पौधारोपण भी किया।

इस मौके पर बीईओ रवींद्र कुमार,  प्रिंसिपल वीना, एसडीओ वीरेंद्र सिंह, जेई निशांत राणा, सुखदेव पान्नू, रोहताश सैनी, मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी आदि मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *