पिहोवा 1 जुलाई – प्रवर चिकित्सा अधिकारी डा. मनीषा सिंह की अध्यक्ष्ता में एनीमिया मुक्त हरियाणा अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के बारे मे जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि मंगलवार 1 जुलाई से एनीमिया उन्मूलन अभियान की शुरुआत हो गई। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से एनीमिया यानी खून की कमी से पीड़ित लोगों की पहचान कर उन्हें आयरन की गोलियां वितरित की जाएंगी। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की जांच का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य एनीमिया की रोकथाम, समय पर पहचान और प्रभावी उपचार सुनिश्चित करना है।
इस कार्यक्रम की मुख्य गतिविधियों में जांच, उपचार, संवाद, पुनः खोज और लक्षित हस्तक्षेप (टारगेट) पर केंद्रित होंगी। इस दौरान जिनमें 11 ग्राम से कम हीमोग्लोबिन पाया जाएगा, उन्हें खून बढ़ाने की गोलियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि स्कूलों में बच्चों की भी जांच की जाएगी और जरूरत होने पर उन्हें दवा दी जाएगी। डा. मनीषा सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत लोगों को एनीमिया के लक्षण, बचाव और इलाज के प्रति जागरूक भी किया जाएगा और कम हीमोग्लोबिन वाले मरीजों को हरी पत्तेदार सब्जियां, चुकंदर, गुड़, अनार, खजूर आदि आयरन युक्त खाद्य पदार्थ का सेवन करना चाहिए। साथ ही चाय व कॉफी जैसे पेय पदार्थों को भोजन के तुरंत बाद लेने से परहेज करना चाहिए क्योंकि ये आयरन के अवशोषण में बाधक होते हैं। उन्होंने कहा कि इस मे छह माह से पांच वर्ष, छह से नौ वर्ष, दस से उन्नीस वर्ष तक के बच्चे और बीस से चैबीस वर्ष की सभी वयस्क महिलाएं और सभी गर्भवती महिलाएं तथा सभी आयु वर्ग के महिलाओं और पुरुषों के हिमोग्लोबिन की जांच की जाएगी व एनीमिया पाए जाने पर आयु वर्ग के अनुसार दवाई उपलब्ध करवाई जाएगी। एनीमिया मुक्त हरियाणा अभियान को सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों पर भी शुरू कर दिया गया है। इस कार्य में एएनएम और आशा वर्कर रक्त जांच और फॉलो अप के लिए घर घर पर विजिट करेंगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *