गांधी मैदान में बिना अनुमति लगाए गए झूलों के मामले की जांच जिला नगर आयुक्त करेंगे
ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने पूर्व में शहरी स्थानीय निकाय के आयुक्त एवं सचिव को कार्रवाई के लिए लिखा था पत्र
मामला, अंबाला छावनी के गांधी मैदान में बिना अनुमति फन फेयर लगाने के लिए लगाए गए झूलों का

अम्बाला/चंडीगढ़, 30 जून –हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज की अनुशंसा पर अम्बाला छावनी के गांधी मैदान में बिना अनुमति लगाए गए झूलों के मामले की जांच अब जिला नगर आयुक्त द्वारा की जाएगी। इस संबंध में शहरी स्थानीय निकाय के आयुक्त एवं सचिव द्वारा कार्रवाई के निर्देश नगर आयुक्त को दिए गए हैं।
गौरतलब है कि अम्बाला छावनी के गांधी मैदान में किसी विभाग की अनुमति के बिना ही फन फेयर लगाने के लिए ठेकेदार ने बड़े झूले व अन्य सामान लगा लिया था। यह मामला कैबिनेट मंत्री अनिल विज के संज्ञान में आया जिसके बाद उन्होंने शहरी स्थानीय निकाय के आयुक्त एवं सचिव को मामले की जांच के निर्देश देते हुए पत्राचार किया था।
पत्र में मंत्री अनिल विज ने कहा था कि गांधी मैदान को किराए पर देने की पाबंदी है और ऐसे में मैदान में इतना बड़ा फन फेयर नगर परिषद की बिना अनुमति और बिना रसीद काटे कैसे लग गया। उन्होंने इस संबंध में पूरी जांच कर दोषी अधिकारी/कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज की शिकायत के बाद शहरी स्थानीय निकाय आयुक्त एवं सचिव द्वारा जिला नगर आयुक्त को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं तथा जांच रिपोर्ट मांगी गई है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *