प्रदेश में 15 अगस्त से होगा निशुल्क ईलाज योजना का शुभारंभ,मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नागरिकों के बीच बैठकर सुनी समस्याएं, 4 महीने में लाडवा विधानसभा में 110 करोड़ रुपए की राशि से चल रहे हैं विकास कार्य,गांव किशनपुरा और गिरदारपुर में विकास कार्यों के लिए  21-21 लाख रुपए देने की घोषणा की
पिपली/ लाडवा।    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के हर जिला मुख्यालय के एक सरकारी अस्पताल में हर प्रकार की बीमारी का नि:शुल्क ईलाज किया जाएगा। इस प्रदेश में जिला मुख्यालय के सरकारी अस्पताल में नि:शुल्क ईलाज करने की योजना 15 अगस्त को शुरू हो जाएगी। इन अस्पतालों को तमाम सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इन राजकीय अस्पतालों में मरीजों को आयुष्मान योजना के तहत भी ईलाज की सुविधा मिलेगी। इतना ही नहीं इन जिला मुख्यालय के सरकारी अस्पतालों में एक कमेटी का भी गठन होगा। यह कमेटी ही मरीज को पीजीआई या अन्य उच्च स्तरीय अस्पताल के लिए रैफेर करेगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को गांव किशनपुरा के सामुदायिक केंद्र और गिरदारपुर के गुरुद्वारा साहिब के सभागार में ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद कर रहे थे। इन गांवों में मुख्यमंत्री ने लोगों के बीच बैठकर समस्याओं को सुना और उनका समाधान करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इन गांवों में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोगों के साथ मिलकर पौधा रोपण भी किया। इन कार्यक्रमों के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव किशनपुरा और गिरदारपुरा में विकास कार्यों के लिए 21-21 लाख रुपए की अनुदान राशि देेने की घोषणा भी की है। इसके साथ ही गांव किशनपुरा में सरपंच संजीव कुमार द्वारा रखी गई 15 मांगों और गिरदारपुरा में सरपंच द्वारा रखी गई सभी मांगों को विभाग के माध्यम से पूरी की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि लाडवा विधानसभा की जनता के कारण विधायक बने और आज मुख्यमंत्री के पद पर है। अब लाडवा को हरियाणा में बड़े श्रद्धा के साथ देखते हैं। सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वह हल्का की जनता की समस्याओं को सुनकर तुरंत समाधान करें। इस जिले में अधिकारी भी निर्देश की पालना बखूबी कर रहे हैं। पिछले करीब 4 महीने में लाडवा विधानसभा में 110 करोड़ रुपए के विकास कार्य के काम चल रहे हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार ने किसानों की चिंता करते हुए सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदने का काम किया है। इसके अलावा भावांतर भरपाई योजना के तहत फसल के मूल्य के अंतर को पूरा करने का काम कर रही है। साथ ही गरीबों के लिए आवास उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जा रही है। भाजपा सरकार हरियाणा प्रदेश में मिशन मोड में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह कार्यक्रम हल्का वासियों को मिलने के लिए तय किया गया है। जिस किसी भी परिवार की कोई शिकायत है, वह अपनी लिखित शिकायत दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी समय अपनी शिकायत को उपायुक्त नेहा सिंह, संबंधित अधिकारियों और मुख्यमंत्री कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी को दे सकते हैं। यदि कोई इमरजेंसी है तो चंडीगढ़ आकर भी मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों ने उनको बहुत अधिक प्यार और सम्मान दिया। उसी सम्मान की बदौलत ही प्रदेश में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार सत्ता में आई है। प्रदेश के कार्यक्रमों के तहत जब भी समय मिलता है तब ही लाडवा के गांव का कार्यक्रम बनाकर हल्के की जनता के बीच पहुंच जाते हैं। उन्होंने कहा कि वोटिंग के बाद पहली बार आपके गांव में पहुंचा हूं। सरकार बनाने में सहयोग करने पर गांव के सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज संविधान हत्या दिवस के 50 वर्ष पूरे हुए हैं। यह वो दिन है, जब 50 साल पहले इमरजेंसी घोषित की गई थी जो आजादी के बाद  सबसे बड़ा और अंग्रेजों के बराबर का अत्याचार रहा है। हर व्यक्ति को भय बना हुआ था। करीब 1 लाख लोगों की जबरदस्ती नसबंदी कर दी गई थी। लोगों को मजबूरन अपने घरों से निकलकर ईख के खेतों में रहना पड़ा था। उन्होंने कहा कि आने वाली युवा पीढ़ी को इस तरह की घटनाओं के बारे में मालूम होना चाहिए। जब युवाओं को इतिहास का पता होगा तो वह दोबारा उसे बुरे दौर को नहीं आने देंगे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, उपायुक्त नेहा सिंह, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष तिजेंदर सिंह गोल्डी, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, सरपंच किशनपुरा संजीव, सरपंच गिरदारपुर गुरमीत कौर, सरदार हरमेहर सिंह, बरखा राम, नायब सिंह पटाक माजरा, देवेंद्र सिंह, जोगिंदर सिंह, अवतार सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *