मंदिर में एकादशी पर कीर्तन का किया आयोजन, मीठे पानी की लगाई गई छबील
करनाल, 21 जून  : शहर की पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में योगिनी एकादशी बड़े ही श्रद्धा व धूमधाम के साथ मनाई गई। एकादशी  के अवसर पर मंदिर व बाबा श्याम के स्वरूप को फूलों से सजाया और महकाया गया। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से लेकर शाम तक मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। एकादशी के उपलक्ष्य में मंदिर में कीर्तन का आयोजन भी किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर कीर्तन का आनंद उठाया। कीर्तन के दौरान हुए गुणगान के माध्यम से श्रद्धालुओं को योगिनी एकादशी महत्व बताया गया। एकादशी के उपलक्ष्य में मंदिर में ठंडे व मीठे पानी की छबील लगाई और आलू का प्रसाद वितरित किया गया।
इस मौके पर पंडित दीपक पांडे ने बताया योगिनी एकादशी का व्रत हिंदू धर्म में बहुत खास माना जाता है, जो भगवान विष्णु की पूजा के लिए समर्पित है। यह व्रत हर साल आषाढ़ मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी को मनाया जाता है।  इस दिन उपवास रखने से सभी पापों से मुक्ति मिलती है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर मुख्य सेवक देसराज गुप्ता ने बताया कि श्री खाटू श्याम मंदिर में हर एकादशी पर भजन कीर्तन का आयोजन किया जाता है। करनाल सहित दूर-दूर लोग दर्शन करने के लिए मंदिर पहुंचते है और सबकी मनोकामनाएं पूर्ण होती है। मंदिर कमेटी की तरफ से श्रद्धालुओं के लिए सभी प्रकार की व्यवस्थाएं की जाती है। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता, महेंद्र गुप्ता, पवन गुप्ता, अनिल गर्ग, राजेश गर्ग, रामकरण सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *