पानीपत। Sheetal Murder Case: सुनील लगभग एक सप्ताह से हरियाणवी मॉडल शीतल उर्फ सिम्मी की हत्या के फिराक में था। वह इसके लिए मौका ढूंढ रहा था। यह मौका उसे शनिवार रात को मिल गया था। पुलिस बुधवार को सुनील को अहर गांव में भी लेकर जा सकती है। वहां लोगों से भी पूछताछ होगी। इसके बाद उससे चाकू , उसके खून से सने कपड़े व कार के सीट कवर बरामद किए जाएंगे।
कार में सिम्मी का मोबाइल मिला है। सिम्मी की कॉल डिटेल भी खंगाली जाएगी। उसकी सैंडिल व कपड़ों को पुलिस ने बरामद कर लिया है। दोनों की इसराना के सुनील से पहली मुलाकात चार साल पहले पानीपत के मितल मेगा मॉल में हुई थी। यहां सिम्मी नौकरी करती थी। सुनील का मॉल में आना जाना था। यहीं पर दोनों की जान पहचान हो गई थी।

 

सुनील ने करनाल में होटल खोला तो सिम्मी को देखरेख करने के लिए होटल में रख लिया था। सुनील व सिम्मी के प्रेम प्रसंग के बारे में दोनों के परिवार के लोगों को पता था। सुनील के परिवार में अक्सर इस बात पर क्लेश भी होता था। सिम्मी के परिवार के सदस्य भी उसे सुनील से दूर रहने की सलाह देने लगे थे।

सुनील शनिवार दोपहर को सिम्मी को एक बजे अहर छोड़कर इसराना चला गया था। वह रात करीबन नौ बजे वापस अहर गया था और रात 10:05 बजे सिम्मी को गोशाला से लेकर कार में पानीपत की ओर चल दिया था। 

बताया जा रहा है कि सुनील ने मतलौडा के पास कार में शराब भी पी थी। नशे में सुनील व सिम्मी के बीच खूब झगड़ा हुआ। सिम्मी के पास लगातार आ रही एक युवक की काल्स से सुनील आपा खो बैठा था। वह सिम्मी की हत्या की साजिश पहले ही रच चुका था। 

सिम्मी की हत्या के लिए उसने इसी समय को उपयुक्त माना और चाकू निकाल अचानक सिम्मी की छाती पर हमला कर दिया था। इसके बाद सिम्मी ने एक के बाद कई वार को असफल किया। गर्दन में चाकू लगने के बाद वह अचेत हो गई थी। 

सुनील अधमरी हालत में सिम्मी को एक घंटा तक लेकर घूमता रहा। रात डेढ़ बजे उसने कार के चारों शीशे नीचे किए और कार को नहर में उतार दिया। फिर सुनील ने नहर में खुद उतरकर तड़प रही सिम्मी को शीशे बाहर खींचकर नहर में बहा दिया था। 

करनाल में पीजी में रहती थी सिम्मी

सिम्मी अब करनाल में पीजी में रहती थी। वह शूटिंग के वक्त पानीपत आती थी। उसकी बहन अपनी मां के साथ सतकरतार कालोनी में रहती थी। सुनील भी अक्सर सिम्मी के पास करनाल जाता था। 

वह खौफनाक साढ़े तीन घंटे

सुनील शनिवार रात 10:05 मिनट पर सिम्मी को लेकर अहर गांव से निकला था। बताया जा रहा है कि मतलौडा पहुंचकर उन्होंने शरबा ख्ररीदी थी। कार में मिले दो प्लास्टिक के गिलास से यह भी अंदेशा लगाया जा रहा है कि दोनों ने लगभग 12 बजे तक शराब भी पी थी। 12 बजे उस पर हमला किया गया। 

डेढ़ घंटे तक सुनील अधमरी हालत में सिम्मी को लेकर घूमता रहा था। इसके बाद उसे नहर में डाल दिया था। ढाई बजे सुनील पार्क अस्पताल में दाखिल हुआ था। रविवार रात साढ़े आठ बजे सिम्मी का शव खरखौदा के पास नहर में मिला। 

सुनील के घर लोगों को लगा तांता

सुनील के घर लोगों का तांता लगा है। सुनील की करतूत से परिवार के लोग सकते में हैं। स्वजन का कहना है कि सुनील बेहद सरल स्वभाव है। वह मिलनसार युवक था। उसको बस इस्तेमाल किया गया है। उनको विश्वास नहीं होता कि सुनील ऐसा कदम भी उठा सकता है। 

सीआईए वन प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि चाकू को सुनील ने पहले से कार में रखा था। उससे जल्द चाकू बरामद किया जाएगा। उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है। वह फिलहाल रिमांड पर है। उसको बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *