पोस्टर व होर्डिंग लगाकर किया जाएगा छात्र-छात्राओं को जागरुक
कुरुक्षेत्र, 18 जून।
 कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रशासन ने सत्र 2025-26 में रैगिंग को लेकर जीरो टॉलरेंस पालिसी अपनाते हुए सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे रैगिंग को रोकने के लिए अपने-अपने स्तर पर उचित कदम उठाएं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के निर्देशानुसार गठित एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक बुधवार को कमेटी रूम में कुलसचिव डॉ. वीरेन्द्र पाल की अध्यक्षता में हुई।  एंटी रैगिंग कमेटी ने विश्वविद्यालय एवं उससे सम्बद्ध महाविद्यालयों में रैगिंग की समस्या को रोकने के कई महत्वपूर्ण फैसले लिए व नए सत्र के शुरू होते ही रैगिंग रोकने के लिए कौन क्या करेगा उसकी जिम्मेवारियां तय की गई।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. वीरेन्द्र पाल ने कहा कि रैगिंग एक अपराध है यह प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेवारी है कि वह रैगिंग को लेकर सतर्क हों व किसी भी तरह की सूचना मिलने पर प्रशासन को तुरन्त सूचित करें। कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के आदेशानुसार नए सत्र के शुरू होने से पहले रैगिंग पर अंकुश लगाने के लिए कमेटी का गठन किया गया है। रैगिंग और छात्राओं के साथ छेडख़ानी जैसी घटनाएं विश्वविद्यालय में किसी भी दृष्टि से सहनीय नहीं होगी। विद्यार्थी अनुशासन में रहकर अपना अध्ययन करें।
बैठक में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा एंटी रैगिंग पर दिए गए दिशा निर्देशों पर विचार-विमर्श किया गया।  नए सत्र के दौरान रैगिंग को रोकने हेतु अवांछित तत्वों को विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश को रोकने के लिए प्रबंध किया जाएगा। प्रत्येक विभाग/संस्थान द्वारा नए छात्रों को विश्वविद्यालय की गतिविधियों व उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही एंटी रैगिंग के पोस्टर एवं होर्डिंग भी लगाए जाएंगे। रैगिंग की वास्तविक घटनाओं पर आधारित फिल्म भी छात्रों को दिखाई जाएगी जो सभी शिक्षण विभागों तथा विश्वविद्यालय से सम्बंधित कालेजों में भी उपलब्ध करवाई जाएगी। यूजीसी टोल फ्री एंटी रैगिंग हैल्प लाईन नम्बर 1800-180-5522, ई-मेल हैल्प लाईनhelpline@antiragging.in, विश्वविद्यालय की एंटी रैगिंग कमेटी के सदस्यों के फोन नम्बर विभिन्न स्थानों पर लगे बैनर एवं विश्वविद्यालय की वैबसाइट पर उपलब्ध होंगे। यदि कोई छात्र रैगिंग करते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाई करते हुए विश्वद्यिालय से निष्कासित भी किया जा सकता है ।
इस बैठक में विश्वविद्यालय के डीन अकादमिक मामले प्रो. दिनेश कुमार, डीन छात्र कल्याण प्रो. एआर चौधरी, डीन ऑफ कॉलेज प्रो. ब्रजेश साहनी, प्रॉक्टर/डिप्टी प्रॉक्टर, पुरुष छात्रावास के चीफ वार्डन प्रो. जसबीर ढांडा,  महिला छात्रावास की चीफ वार्डन प्रो. कुसुम लता, इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज की प्रिंसिपल प्रो. रीटा, इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर ट्रेनिंग एंड रिसर्च की प्रिंसिपल प्रो. अनिता दुआ, यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक प्रो. सुनील ढींगरा, जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान व लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *