राज्य स्तरीय योग मैराथन के लिए अब तक 10 हजार लोग करवा चुके है पंजीकरण, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी झंडी दिखाकर योग मैराथन को करेंगे रवाना,मैराथन के 20 विजेताओं को दिए जाएंगे नकद पुरस्कार, महिला व पुरुष वर्ग में पहले स्थान पर रहने वाले विजेता को मिलेंगे 51 हजार,10 हजार युवाओं को पहले आओ पहले पाओ के आधार पर मिलेगी टी-शर्ट

कुरुक्षेत्र, 13 जून। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि योग युक्त नशा मुक्त हरियाणा बनाने की दिशा में 15 जून को सुबह 6 बजे कुरुक्षेत्र ब्रह्मसरोवर पर प्रदेश स्तरीय योग मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 5 किलोमीटर योग मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। अब तक 10 हजार युवाओं योग मैराथन के लिए आवेदन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस मैराथन का उद्देश्य युवाओं को नशा से दूर करना है।
उपायुक्त नेहा सिंह शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में योग मैराथन की तैयारियों को लेकर पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। इससे पहले उपायुक्त नेहा सिंह, डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार, जिला सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी डा. नरेन्द्र सिंह, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा.सुदेश जाटियान व बैठक में उपस्थित सभी पत्रकार एवं छायाकार ने अहमदाबाद में विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों के लिए 2 मिनट का मौन रखा। उन्होंने जिला वासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक लोग इस मैराथन में हिस्सा लेकर सरकार की योग युक्त नशा मुक्त हरियाणा के संदेश को पहुंचाएं।
उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि 15 जून को सुबह 6 बजे योग मैराथन का आयोजन किया जाएगा। जिन युवाओं ने मैराथन में हिस्सा लेना है वो गूगल फॉर्म से आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा जो ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकते, उनके लिए 15 जून को सुबह 5:30 बजे तक आवेदन करवाने की व्यवस्था की गई है। आवेदन करने वालों को एक धावक नंबर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मैराथन दक्षिणी गेट से शुरू होकर सब्जी मंडी चौक, रेलवे रोड, पंजाबी धर्मशाला से होते हुए पुरुषोत्तमपुरा बाग में संपन्न होगी। मैराथन में हिस्सा लेने वाले युवाओं के लिए बीच-बीच में पानी व अन्य व्यवस्थाएं भी की गई है। उन्होंने बताया कि मैराथन के रुट पर मैराथन के समय ट्रैफिक को पूरी तरह से बंद किया जाएगा।
उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि आजकल युवाओं में कई प्रकार के नशा की लत्त बने हुए हैं। इससे युवाओं के साथ-साथ परिवार, समाज और देश को हानि होती है। इन हानियों को बचाने के लिए सरकार द्वारा युवाओं को मैराथन, योग व खेलों की तरफ जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से कोई भी युवा मैराथन में हिस्सा ले सकता है।
मैराथन के 20 विजेताओं को दिए जाएंगे नकद पुरस्कार
उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि योग मैराथन के टॉप-20 विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इनमें से 10 पुरस्कार पुरुष वर्ग और 10 पुरस्कार महिला वर्ग के लिए तय किए गए हैं। प्रत्येक वर्ग में पहला इनाम 51 हजार, दूसरा 31 हजार, तीसरा 21 हजार और 7 अन्य को 10-10 हजार रुपये नकद दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विजेताओं का चयन करने के लिए खेल विभाग के कोच व अन्य स्टाफ की ड्यूटी जज के तौर पर लगाई जाएगी। इसके अलावा जिला प्रशासन द्वारा  वीडियोग्राफी करवाई जाएगी। ताकि सही धावक का चयन किया जा सके।
10 हजार युवाओं को पहले आओ पहले पाओ के आधार पर मिलेगी टी-शर्ट
उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि योग मैराथन के लिए जिला प्रशासन द्वारा 10 हजार धावकों को टी-शर्ट दी जाएगी। इनकों पहले आओ पहले पाओ की नीति से वितरित किया जाएगा। इस मौके पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डा. नरेंद्र सिंह, जिला आयुष अधिकारी डा. सुदेश जाटिया, खेल विभाग के उप निदेशक राममेहर, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार, डीएसपी सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *