ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज से ट्रांसफार्मर खराब होने तथा जेई के ढुलमुल रवैये की शिकायत दी थी जिस पर मंत्री लिया संज्ञान
श्री विज ने बिजली निगमों के अधिकारियों को शहर में एक घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में दो घंटे के भीतर खराब ट्रांसफार्मर बदलने के दिए हुए हैं निर्देश

अम्बाला/चंडीगढ़, 13 जून – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी के चंदपुरा गांव में बिजली के खराब ट्रांसफार्मर को 15 दिन बाद भी नहीं बदलने वाले बिजली निगम के जेई (कनिष्ठ अभियंता) संजय कुमार को निलंबित कर दिया है।
अंबाला छावनी के गांव चंदपुरा के ग्रामीणों ने इस संबंध में ऊर्जा मंत्री अनिल विज को शिकायत दी थी जिस पर उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेई को निलंबित करने के निर्देश दिए थे। ग्रामीणों का आरोप था कि चंदपुरा में बिजली का ट्रांसफार्मर कई दिनों से खराब है और इस संबंध में उन्होंने इंडस्ट्रियल एरिया, अम्बाला छावनी के जेई संजय कुमार को लगभग 15 दिन पहले शिकायत दी थी। मगर अब तक न तो ट्रांसफार्मर को ठीक किया गया और न ही इसे बदला गया है। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इस मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए जेई को सस्पेंड करने के निर्देश दिए जिसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
गौरतलब है कि ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बिजली निगम अधिकारियों को पूर्व में निर्देश दिए थे कि बिजली के खराब ट्रांसफार्मर शहरी क्षेत्र में एक घंटे के भीतर ठीक या बदलकर विद्युत आपूर्ति चालू की जाए और ग्रामीण क्षेत्र में दो घंटे के भीतर ट्रांसफार्मर बदलकर या मरम्मत करके बिजली की आपूर्ति की जाए।
उल्लेखनीय है कि ग्रामीणों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए जहां जेई को सस्पेंड किया गया है वहीं खराब ट्रांसफार्मर को भी बिजली निगम द्वारा बदल दिया गया है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *