चंडीगढ़।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने 11 साल के कार्यकाल में हरियाणा को कई बड़ी परियोजनाएं दी हैं। पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी 14 बार हरियाणा आए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल में पीएम मोदी तीन बार हरियाणा आ चुके हैं। हरियाणा से उनका विशेष लगाव रहा है। 

अपने चुनाव अभियान की शुरुआत भी मोदी हरियाणा से करते रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दावा किया कि पीएम मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर हुआ है। केंद्र व राज्य की डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का काम किया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंचकूला में अपनी कैबिनेट के मंत्रियों के साथ प्रेस कान्फ्रेंस में केंद्र सरकार की ओर से हरियाणा को मिली विभिन्न परियोजनाओं का पूरा हिसाब-किताब पेश किया। 

समय-समय पर हरियाणा विभिन्न केंद्रीय योजनाओं और परियोजनाओं का लांचिंग पैड भी रहा है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल जब मुख्यमंत्री थे, तब उनके कार्यकाल में पीएम मोदी 10 बार हरियाणा आए। उसके बाद नायब सैनी सीएम बने। उनके पिछले आधे साल और मौजूदा आठ माह में चार बार पीएम मोदी प्रदेश में आकर विकास परियोजनाओं का पिटारा जनता को सौंप चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि किसानों का कल्याण हो, औद्योगिक विकास हो, खिलाड़ियों का सम्मान हो या युवाओं के लिए रोजगार के अवसर हों, हरियाणा हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। हम केंद्र सरकार की सभी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रहे हैं और राज्य की अपनी विशेष आवश्यकताओं के अनुरूप नई पहल भी कर रहे हैं। पीएम मोदी ने हरियाणा को कई बड़ी परियोजनाएं दी हैं। अपने इन दौरों में उन्होंने पूरे देश के लिए बीमा सखी योजना का शुभारंभ किया। 

यमुनानगर में थर्मल पावर प्लांट में 800 मेगावाट की अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल यूनिट और कंप्रेस्ड बायोगेस प्लांट की आधारशिला रखी। इसी दिन हिसार में हरियाणा के पहले एयरपोर्ट के दूसरे टर्मिनल के भवन का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम मोदी ने हरियाणा के लिए वेस्टर्न डेडिकेटिड फ्रेट कारीडोर, रेल कोच रिपेयर फैक्ट्री, कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे, कुंडली-गाजियाबाद-पलवल एक्सप्रेस-वे, बल्लभगढ़-मुजेसर, मुंडका-बहादुरगढ़, गुरुग्राम-सिकंदरपुर, फरीदाबाद-बल्लभगढ़ मेट्रो लिंक, आदि परियोजनाएं प्रदान की हैं। 

स्वीकृत किए 21 नये राष्ट्रीय राजमार्ग

नायब सैनी के अनुसार हरियाणा में 21 नये राष्ट्रीय राजमार्ग केंद्र सरकार की ओर से स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 12 राजमार्ग बन चुके हैं। इनके बनने के बाद प्रदेश का कोई भी जिला ऐसा नहीं बचेगा, जिसकी कनेक्टिविटी राष्ट्रीय राजमार्ग से न हो। इसी प्रकार ‘हरियाणा आर्बिटल रेल कारीडोर को मंजूरी दी गई है। 

हरियाणा में 12 से 14 जून तक विकसित भारत संकल्प सभाएं

प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने जिला अनुसार प्रेस कान्फ्रेंस व कार्यक्रमों के लिए मुख्य वक्ताओं की लिस्ट जारी की है। ये प्रेसवार्ताएं 11 और 12 जून को हर जिले में आयोजित होंगी। पहले दिन 10 जून को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने दिल्ली और मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंचकूला में प्रेस कान्फ्रेंस की।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *