मधुबन स्थित हरियाणा पुलिस अकादमी में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया गया आयोजन
करनाल, 6 जून।
 हरियाणा पुलिस अकादमी के निदेशक डॉ. अरशिन्दर सिंह चावला ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मनाने का उद्देश्य देश-विदेश के लोगों को योग के प्रति जागरूक करना है और उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से स्वस्थ रहते हुए कुशल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। आप सभी जानते हैं कि योग भारत की प्राचीनतम विद्याओं में से एक है। योग ने विश्व में न केवल अपनी अलग पहचान बनाई है बल्कि विश्व गुरू बनने के मार्ग को भी प्रशस्त किया है। विश्व स्तर पर योग को स्वीकार किया जाना हम सबके लिए गौरवशाली है।
निदेशक डॉ. अरशिन्दर सिंह चावला शुक्रवार को मधुबन पुलिस अकादमी के वच्छेर स्टेडियम में 21 जून को आयोजित होने वाले 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के उपलक्ष्य में आयुष विभाग हरियाणा, योग आयोग एवं पतंजलि के तत्वावधान में हरियाणा पुलिस अकादमी के सहयोग से विशाल योग प्रशिक्षण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत द्वारा 21 जून के दिन को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाए जाने का प्रस्ताव दिया था, 11 दिसम्बर 2014 को भारत के इस प्रस्ताव को 177 देशों के समर्थन के साथ स्वीकार कर लिया गया और 21 जून 2015 को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस क्रम में 21 जून 2025 को 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को बहुत बडे स्तर पर मनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन पद्धति है। आयुर्वेद में कहा जाता है कि योग वह औषधि है जो ब्रह्मांड में किसी भी रोग को ठीक करने की शक्ति रखती है। नियमित योग अभ्यास से मानसिक, बौद्धिक और शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है जो आपको सकरात्मकता की और अग्रसर करता है जो व्यक्ति के विकास में सहायक सिद्ध होता है। इस कार्यक्रम में योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया गया। इस योग प्रशिक्षण कार्यक्रम में 4 हजार प्रशिक्षणार्थियों, स्टॉफ स्दस्यों व अधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने योग के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए सामान्य प्रोटोकॉल निर्धारित है, इस प्रोटोकॉल में सूक्ष्म व्यायाम, आसन, प्राणायाम व ध्यान की क्रियाओं का समावेश किया गया है। हर आयु वर्ग के व्यक्ति इस आसान क्रियाओं को कुछ सावधानियों के साथ आसानी से कर सकते हैं। उन्होंने पुलिस की ओर संकेत करते हुए कहा कि मुझे मालूम है कि पुलिस जीवन चुनौतियों से भरा है, इसलिए आपकी कार्यशैली में योग का समावेश होना अति आवश्यक है। कहा भी गया है कि पहला सुख निरोगी काया ।
इस अवसर पर योग आयोग विभाग हरियाणा के वाइस चेयरमैन रोशन लाल ने कहा कि इस वर्ष हरियाणा का संकल्प है- रोग मुक्त हरियाणा-नशा मुक्त हरियाणा। योग करना सभी के लिए लाभकारी है, इससे दूसरों के प्रति करूणा और सेवाभाव मजबूत होता है। योग से न केवल स्वयं का बल्कि पूरे समाज का कल्याण होता है। उन्होंने कहा कि योग कला के साथ-साथ एक विज्ञान भी है। उन्होंने कहा कि 21 जून को कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा, जो योग महाकुंभ होगा और जिसमें 1 लाख से अधिक प्रतिभागी भाग लेंगे।
इस अवसर पर हरियाणा पुलिस अकादमी के पुलिस अधीक्षक बलजिन्द्र ने हरियाणा पुलिस अकादमी के निदेशक डॉ. अरशिन्दर सिंह चावला और योग आयोग विभाग हरियाणा के वाइस चैयरमैन रोशन लाल को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। योग प्रशिक्षण में अभ्यास अकादमी के योग प्रशिक्षक अनिल कुमार व योग आयोग विभाग के रजिस्ट्रार राजकुमार ने कराया। इस अवसर पर अकादमी के पुलिस अधीक्षक बलजिन्द्र सिंह, पुलिस उप-अधीक्षक शरीफ सिंह, गोरख पाल राणा, मुकेश कुमार, डॉ राजपाल, डॉ सुनील आयुष विभाग, हरियाणा योग आयोग विभाग के रजिस्ट्रार राजकुमार, अध्यक्ष अश्विनी कुमार मिश्रा, तेजपाल सिंघल राज्य कार्यकारिणी सदस्य, पंतजलि योग समिति हरियाणा भी उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *