पानीपत। पानीपत पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बुधवार सुबह शिक्षा मंत्री के जनता दरबार में पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से पहुंची महिला ने अधिक बिल आने की शिकायत करते हुए माफ करने की फरियाद की। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि मेरा भी बिल अधिक आता है, माफ नहीं होता। मंत्री की बात को सुनकर महिला वहां से चली गई। 

बुढ़शाम से रविंद्र कुमार ने ट्रांसफार्मर का स्विच महीनों से खराब होने और बिजली निगम में शिकायत करने के बाद भी ठीक नहीं किए जाने की शिकायत की। इस पर महिपाल ढांडा ने बिजली निगम के एक्सईएन को फोन करके फटकार लगाई। 

कहा कि ट्रांसफार्मर का स्विच खराब होने जैसी शिकायत शिक्षा मंत्री के जनता दरबार में आ रही है, इसका मतलब विभाग में लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा।
सनौली रोड से पहुंची सरोजबाला ने कहा कि उसके बेटे की मौत हो चुकी है और एक नातिन है। आय का कोई साधन नहीं और फैमिली आईडी में इनकम दो लाख 40 हजार है, इसे कम करके बीपीएल का लाभ दिलाया जाए। इस पर शिक्षा मंत्री ने डीसी को समाधान कराने के लिए कहा। 

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के जनता दरबार में क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुना। बिजली, पीडब्ल्यूडी विभाग, पुलिस, पंचायत व हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से जुड़ी समस्याएं लेकर लोग पहुंचे थे। शिक्षा मंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को फोन करके समाधान कराने को कहा।
कुछ शिकायतों पर अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि तय समय सीमा के भीतर समाधान करके रिपोर्ट दें। प्रात: 10 बजे जनता दरबार में डीसी वीरेंद्र कुमार दहिया पहुंचे। शिक्षा मंत्री के साथ बैठकर डीसी ने भी लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *