समाज सेवा, बेटियों को शिक्षा और समान अधिकार देने का लें संकल्प,कुरुक्षेत्र के पिपली में मातेश्वरी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह का किया गया भव्य आयोजन,प्रदेश सरकार द्वारा अहिल्याबाई के नाम से दो एकड़ भूमि पर बनवाया जाएगा म्यूजियम

डॉ. राजेश वधवा

कुरुक्षेत्र।  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। ऐसे में हमें लोकमाता अहिल्याबाई के पदचिन्हों पर चलना होगा और उनकी तरह न्याय देना होगा, विकास करना होगा और संस्कृति को सहेजना होगा। आज अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर हम सब मिलकर संकल्प लें कि हम समाज की सेवा करेंगे और बेटियों को शिक्षा और समान अधिकार देंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को पिपली स्थित अनाज मंडी में मातेश्वरी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर पाल गडरिया समाज की ओर से मुख्यमंत्री को पगड़ी, शाल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर के नाम पर दो एकड़ भूमि पर एक म्यूजय़िम का निर्माण कराया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी उनके जीवन और कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त कर प्रेरित हो सके। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पाल गडरिया समाज की सहमति से किसी एक गांव या शहर में मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर के नाम से प्रवेश द्वार का निर्माण करवाया जाएगा। उन्होंने पाल गडरिया समाज धर्मशाला कुरुक्षेत्र को अपने स्वैच्छिक कोष से 31 लाख रुपये की राशि देने की भी घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने कैबिनेट कृष्ण लाल पंवार, महीपाल ढांडा,  रणबीर गंगावा, श्याम सिंह राणा, सांसद  नवीन जिंदल और राज्य सभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा की ओर से भी 11-11 लाख रुपये देने की घोषणा की है।
संतों व महापुरुषों के संदेश को जन-जन तक पहुंचा रही है सरकार
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि संत-महात्मा, गुरु और महापुरुष न केवल हमारी अमूल्य धरोहर हैं, बल्कि हमारी प्रेरणा भी हैं। उनकी विरासत को संभालने व सहेजने की जिम्मेदारी हम सबकी है। इसलिए प्रदेश सरकार द्वारा संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना के तहत संतों व महापुरुषों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। इस समारोह का आयोजन भी इस योजना के तहत किया गया है।
अहिल्याबाई होलकर केवल एक शासक नहीं, बल्कि नारी शक्ति की जीती-जागती मिसाल थी
उन्होंने कहा कि मातेश्वरी अहिल्याबाई जी का जन्म 31 मई, 1725 को महाराष्ट्र के चौंडी गांव में हुआ। उस युग में जब महिलाओं को शासन, शिक्षा और स्वतंत्रता से वंचित किया जाता था, तब अहिल्याबाई जी ने समाज की जंजीरों को तोड़ा और नारी शक्ति का एक दिव्य उदाहरण बनकर उभरी। अहिल्याबाई ने यह साबित कर दिखाया है कि जब एक नारी अपने कर्तव्य पथ पर अडिग हो जाती है तो वह युगों को बदल देती है। अहिल्याबाई होलकर जी केवल एक शासक नहीं थी, वे नारी शक्ति की जीती-जागती मिसाल थी। अहिल्याबाई ने किसानों को कर में राहत दी, व्यापार को बढ़ावा दिया और वर्ग के लिए समान अवसर सुनिश्चित किए हैं। उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2047 तक विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए तेजी से अग्रसर हैं।
अहिल्याबाई ने देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों का करवाय़ा पुनर्निर्माण
उन्होंने कहा कि आज जब भारत अपनी सांस्कृतिक पहचान को गर्व से विश्व के सामने प्रस्तुत कर रहा है, तो यह याद करना आवश्यक है कि उस पहचान को जीवित रखने का अद्वितीय कार्य लोकमाता अहिल्याबाई ने किया था। अहिल्याबाई ने काशी विश्वनाथ मंदिर हो या सोमनाथ, मथुरा हो या अयोध्या, बद्रीनाथ हो या रामेश्वरम भारत के लगभग हर प्रमुख तीर्थ का पुनर्निर्माण करवाया। उन्होंने न केवल मंदिर बनवाए, बल्कि धर्म, संस्कृति और आस्था को फिर से जीवित किया। उनके इस महान योगदान को नमन करते हुए, वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कर कमलों से काशी विश्वनाथ में उनकी प्रतिमा स्थापित की गई।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकी ठिकानों को किया ध्वस्त, हमारी बेटियों की रही अहम भूमिका
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन बताता है कि नारी में केवल कोमलता ही नहीं, संकल्प और नेतृत्व का तेज भी होता है। वे प्रेम और पराक्रम, दोनों की प्रतिमा थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश प्रगति के पथ तेजी से बढ़ रहा है। हमारी बेटियां भी इसमें विशेष योगदान दे रही हैं। पहलगाम हमले की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आतंकवादियों द्वारा हमारी बहन-बेटियों के सामने उनके परिजनों पर योजनाबद्ध तरीके से हमला किया गया था। इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ठान लिया था कि आतंकवादियों की बची-खुची जमीन को मिटाने का समय आ गया है। इसी सोच के तहत भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकवादियों के ठिकानों को ध्वस्त करने का काम किया जिसमे हमारी बेटी व्योमिका सिंह और सोफिया कुरैशी की अहम भूमिका रही।
प्रदेश सरकार हरियाणा एक-हरियाणवी एक की भावना से सभी वर्गों और क्षेत्रों का कर रही है समान विकास
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अहिल्याबाई के दिखाए मार्ग पर चलते हुए प्रदेश सरकार हरियाणा एक-हरियाणवी एक की भावना से सभी वर्गों और क्षेत्रों का समान रूप से विकास सुनिश्चित कर रही है। कोई भी गरीब भूखा न रहे, इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के 49 लाख बी.पी.एल. परिवारों को हर महीने मुफ्त अनाज दिया जा रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को लगभग 15 लाख रसोई गैस कनेक्शन मुफ्त दिए हैं। प्रदेश में 17 लाख से अधिक बी.पी.एल. और ए.ए.वाई. परिवारों को 500 रुपये की दर से गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। इसी तरह से हर गरीब के सिर पर छत मुहैया करवाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 65 हजार 356 मकान बनवाये गए तथा 41 हजार 529 मकान निर्माणाधीन हैं। मकान की मरम्मत के लिए भी डा. भीमराव अम्बेडकर आवास नवीनीकरण योजना के तहत 80 हजार रुपये की राशि दी जाती है।
आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के तहत गरीब परिवारों को दी जा रही है सालाना 5 लाख रुपये तक की मुफ्त इलाज सुविधा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गरीब परिवारों को इलाज के खर्च की चिंता न हो, इसके लिए आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के तहत गरीब परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक की मुफ्त इलाज सुविधा दी जा रही है। अब तक प्रदेश में  20 लाख 66 हजार मरीजों का 2761 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज किया गया है। इसके अलावा 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को मुफ्त इलाज सुविधा मुहैया करवाई जा रही है। इसी तरह से दयालु योजना के तहत 1 लाख 80 हजार रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवार के सदस्य की मृत्यु होने या दिव्यांग होने पर 5 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। अब तक लगभग 29 हजार परिवारों को करीब 1100 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी है।
पिछड़े वर्गों के कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पिछड़ा वर्ग आयोग का किया गया है गठन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार द्वारा पिछड़े वर्गों के कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया है। अब पिछड़ा वर्ग के बच्चों को केंद्रीय स्कूलों, सैनिक स्कूलों, नवोदय विद्यालयों और एमबीबीएस की सीटों के अंदर और नौकरियों में 27 प्रतिशत आरक्षण मिल रहा है। प्रदेश सरकार ने पिछड़े वर्गों के लिए क्रीमीलेयर की आय सीमा को भी 6 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये वार्षिक कर दिया है।
पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों के कल्याण के लिए चलाई गई हैं कई योजनाएं
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों की 12वीं कक्षा तक की फीस माफ की गई है। इसके साथ ही, उन्हें मुफ्त पुस्तकें, वर्दी और लेखन सामग्री भी प्रदान की जाती है। ऐसे परिवारों की बेटियों की कॉलेज और विश्वविद्यालय की फीस भी माफ की गई है। डॉ. अम्बेडकर मेधावी छात्र संशोधित योजना के तहत पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए 8 हजार रुपये तक वार्षिक छात्रवृत्ति दी जाती है। इसी तरह से पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को 750 रुपए तक मासिक छात्रवृत्ति और सभी नॉन-रिफंडेबल फीस की प्रतिपूर्ति भी की जाती है। इसके अलावा प्रदेश सरकार ने हरियाणा केश कला एवं कौशल विकास बोर्ड तथा माटी कला बोर्ड का गठन भी किया है।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर नशे को जड़ से खत्म करने का ले संकल्प
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज का दिन विश्व तंबाकू निषेध दिवस के रूप में भी मनाया जा रहा है। तंबाकू धीमा जहर है जो कि शरीर को अंदर से खोखला करता है और धीरे-धीरे जीवन को निगल लेता है। इस दिन हम सभी मिलकर संकल्प लें कि समाज को स्वस्थ रखने के लिए तंबाकू नहीं बल्कि स्वास्थ्य, सेवा और संस्कार का चयन करेंगे और नशे को जड़ से खत्म करने में अपना योगदान देंगे।
देश के पहले 3 मुख्यमंत्रियों में शुमार है मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का नाम: बडौली
प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रत्येक समाज को सम्मान देते हुए महापुरुषों की जयंती को प्रदेश स्तर पर मनाने का काम किया है। इन समारोह में मुख्यमंत्री स्वयं मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचकर समाज को दिए जाने वाले सम्मान को चार चांद लगाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाडवा की जनता ने विधायक के रूप में नायब सिंह सैनी को चुना। अब देशभर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सुना जा रहा है। उनकी मुस्कुराहट और लाड-प्यार के चलते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी देश के टॉप-3 मुख्यमंत्रियों में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाएं लाकर विकास कार्य शुरू करवा रही है। ये गरीब, कमेरे वर्ग की सरकार है। जो व्यक्ति प्रदेश में सुख-शांति चाहता है वो आगे भी अपनी सरकार को बनाए रखें।
मातेश्वरी आहिल्याबाई होल्कर ने देश में धार्मिक स्थलों का किया विकास:श्याम सिंह राणा
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर नारी शक्ति की प्रतीक, राष्ट्र, धर्म और संस्कृति की पुनर्स्थापना की अग्रदूत रही है। उन्होंने साहस, भक्ति और समर्पण दिखाते हुए काशी से लेकर रामेश्वरम तक देश के अनेक तीर्थ स्थलों का पुनरोद्धार कराया, वह भारतीय इतिहास का अद्वितीय अध्याय है। उन्होंने कहा कि आदर्श शासिका बनकर अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासनकाल में देश भर में धार्मिक स्थलों का विकास किया। इनता ही नहीं नदियों के घाटों, कुओं और बावडिय़ों का निर्माण भी करवाया ताकि नागरिकों को सुविधा मिले और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता बनी रहे।
देश के उत्थान के लिए मातेश्वरी आहिल्याबाई के जीवन से लेनी चाहिए प्रेरणा:कृष्ण लाल पंवार
विकास एवं पंचायत विभाग मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि आज के समय में हम सभी को अहिल्या बाई होलकर के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और देश के उत्थान के लिए कार्य करने की आवश्यकता है। हमें महारानी अहिल्याबाई के जीवन से प्रेरणा लेकर भारत के प्राचीन गौरव और सनातन संस्कृति के उत्कर्ष में संपूर्ण मनोयोग से समर्पित होना चाहिए। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की स्मृति को नमन करना केवल एक ऐतिहासिक दायित्व नहीं है, बल्कि सनातन धर्म, भारतीयता और राष्ट्र के पुनर्निर्माण की उस चेतना को पुन: जागृत करने का अवसर है, जिससे भारत विश्व गुरु बने।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के शासनकाल में पिछड़ा वर्ग शामिल हुआ अधिकारी देने वालों में:रणबीर गंगवा
लोक निर्माण निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि पिछड़ा वर्ग कभी खुद आरक्षण तो कभी अधिकारी पाने के लिए आंदोलन करता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश में नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाकर पिछड़ा वर्ग के लिए बहुत बड़ा कार्य किया है। अब इस वर्ग को अधिकारों को देने वालों में शामिल कर दिया है। जो पिछड़ा वर्ग के लिए बहुत ही गर्व की बात है। प्रदेश में हर वर्ग और हर समाज के लोगों के उत्थान के लिए विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मातेश्वरी देवी अहिल्या बाई होल्कर ने भी अपने जीवन का विपरित परिस्थितियों के साथ जीया है। उन्होंने खुद को आगे लेकर परिवार, साम्राज्य और समाज के उत्थान के लिए कार्य किये।
देश की अमूल्य धरोहर है संत महात्मा:नवीन जिंदल
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि संत, महात्मा, गुरुओं और देवी हमारे समाज की धरोहर है। जो हमें अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से परिचित करवाते हैं। इन धरोहरों को सहेजने की हमारी जिम्मेदारी है। इन्हीं में एक नाम अहिल्या बाई होलकर भी एक हैं। समाज के लोगों को उनके दिखाए रास्ते पर चलना चाहिए।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, लोक निर्माण विभाग मंत्री रणबीर गंगवा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, व्हिप चीफ एवं विधायक रामकुमार कश्यप, सांसद रामचंद्र जांगडा, सांसद नवीन जिंदल, बावल विधायक कृष्ण कुमार, खरखोदा विधायक पवन, पूंडरी विधायक सतपाल जांबा, विधायक कपूर वाल्मीकि, जिला अध्यक्ष तिजेंदर सिंह गोल्डी, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, भाजपा वरिष्ठ नेता वेदपाल एडवोकेट, सुभाष कलसाना, जयभगवान शर्मा डीडी, धूमन सिंह किरमच, प्रभारी एवं भाजपा के वरिष्ठï नेता जवाहर सैनी, मुख्यमंत्री कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी, हरियाणा पाल गडरिया समाज के अध्यक्ष शमशेर सिंह, डीआईएनटी के अध्यक्ष जयसिंह पाल, चंदगी राम, पार्षद रमेश पाल, रमेश पाल नोहनी, डा. कृष्ण कुमार, हरियाणा पिछड़ा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष रामकुमार रंबा, भाजपा के वरिष्ठï नेता श्याम लाल जांगडा, मंडल अध्यक्ष लाडवा शिव गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *