चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा ने सरकार और संगठन के बीच तालमेल बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार की है। राज्य सरकार के मंत्रियों को जहां भाजपा के जिला कार्यालयों में नियमित रूप से बैठने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं विधायकों को पार्टी कार्यालयों में कार्यकर्ताओं व जनता से मिलकर संवाद करने को कहा गया है।
मंत्रियों व विधायकों में भी तालमेल बढ़ाने के निर्देश पार्टी के शीर्ष नेताओं ने दिए हैं। विधायक इस बात से नाराज हैं कि मंत्री बिना बताए उनके जिलों में आ जाते हैं। जिलाध्यक्षों को भी मंत्रियों के कार्यक्रमों की जानकारी नहीं होती। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने निर्देश दिए हैं कि अब मंत्री को किसी भी जिले में जाने से पहले विधायकों व जिलाध्यक्षों को अपने कार्यक्रमों की जानकारी देनी होगी

भाजपा विधायक दल की बैठक में भी विधायकों ने मंत्रियों द्वारा की जाने वाली अनदेखी का मुद्दा उठाया है। हरियाणा भाजपा के प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया, सह प्रभारी सुरेंद्र नागर, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली और संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने मंत्रियों से कहा कि वे मंगलवार और बुधवार को आवश्यक रूप से चंडीगढ़ में रहें।

इसी दिन अधिकतर विधायक विधानसभा की कमेटियों की बैठकों में भागीदारी करने चंडीगढ़ आते हैं। इन बैठकों के बाद विधायकों को यदि मंत्रियों से अपने क्षेत्र की जनता के काम हैं तो वे करा सकते हैं। मंत्रियों से कहा गया है कि वे 15 दिनों में कम से कम एक बार अपने जिले के पार्टी कार्यालय में अवश्य बैठें। इसके लिए दिन तय करना अच्छा रहेगा, ताकि पार्टी कार्यकर्ता व आम लोग उनसे मिलने आ सकें।

विधायकों से 15 दिन में एक बार जिले में रहने को कहा गया

इसी तरह, विधायकों से कहा गया कि वे भी 15 दिन में एक बार जरूर जिला कार्यालयों में बैठें और कार्यकर्ताओं के साथ ही जनता से मिलें। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली हर मंगलवार को पंचकूला स्थित पार्टी कार्यालय में बैठेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी मंत्रियों को भाजपा के चुनाव घोषणा पत्र के मुताबिक वादों को पूरा करने की दिशा में तेजी से काम करने के निर्देश दिए। भाजपा ने चुनाव घोषणा पत्र में प्रमुख रूप से 21 बड़े वादे किए हैं, जिनमें से आधे पूरे हो चुके हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *