करनाल, 26 अप्रैल। डीसी उत्तम सिंह ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के मध्यनजर जिला में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आदेश जारी किए हैं। जारी आदेशों में संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जिला में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को होने से रोका जा सके।
जारी आदेशों में डीसी ने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए हैं कि अगर जिला में पहलगाम में हुई आतंकी घटना से संबंधित सोशल मीडिया या अन्य माध्यम से कोई गलत सूचना/ भ्रम फैला रहा है तो उसके विरुद्ध तुरन्त नियमानुसार कानूनी कार्यवाही अमल में लाना सुनिश्चित करें। इसके अलावा जिला के सभी शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे जम्मू-कश्मीर के छात्रों को अप्रिय घटना से बचाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था समय पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी उप-पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस थाना प्रबंधकों को निर्देश दें कि वे अपने-अपने अधीन क्षेत्रों में सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखें। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भडक़ाऊ पोस्ट/वीडियो तथा अन्य तरीकों से धार्मिक व साम्प्रदायिक सौहार्द को बिगाडऩे वाले असामाजिक तत्वों तथा तनाव उत्पन्न करने वाले शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी एवं कानून व्यवस्था की सही स्थिति बनाए रखते हुए उचित निवारक कदम उठाना सुनिश्चित करें।
डीसी ने सभी उपमण्डल मैजिस्ट्रेट, सभी तहसीलदार/नायब तहसीलदार तथा सभी खण्ड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरपंचों, पटवारियों/ग्राम सचिवों/लम्बरदारों के सहयोग से निगरानी बनाए रखने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान अगर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना मिलती है तो तुरन्त मौके पर जाकर आवश्यक कार्यवाही करते हुए उच्च अधिकारियों को सूचित करें।
उन्होंने एनडीआरआई के निदेशक, कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के निदेशक, जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी तथा बाबू मूल चन्द जैन, राजकीय आई. टी. आई. के प्रधानाचार्य को आदेश जारी करते हुए कहा कि अपने अधीन शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे जम्मू-कश्मीर के छात्रों को अप्रिय घटना से बचाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करें तथा अपने अधीन शिक्षण संस्थानों में भाईचारा व धार्मिक भावना बनाए रखने व आपसी तालमेल बनाए रखने के लिए तुरंत सभी आवश्यक प्रयास करेगे। इसके अतिरिक्त अपने अधीन शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे जम्मू-कश्मीर के छात्रों से सम्बन्धित पूर्ण जानकारी तुरन्त कार्यालय पुलिस अधीक्षक, करनाल तथा उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
डीसी ने जिला सूचना एवं लोक सम्पर्क अधिकारी को जिला के आमजन के बीच में प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया के माध्यम से तुरन्त प्रचार करने के आदेश दिए कि उपरोक्त घटना के सम्बन्ध में अगर जिला में कोई व्यक्ति मीडिया या सोशल मीडिया के माध्यम से कोई गलत सूचना/भ्रम फैला रहा है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन व सम्बन्धित उपमंडलाधीश के पास भिजवाई जाए। इसके अतिरिक्त अगर कोई शरारती तत्व सरकारी सम्पति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करे तो भी उसकी सूचना तुरन्त प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाई जाए।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *