एडीसी यश जालुका ने दिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी निर्देश, कहा मलेरिया और डेंगू से बचाव के लिए आमजन को करें जागरूक

करनाल, 16 अप्रैल।    एडीसी यश जालुका की अध्यक्षता में बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला स्तरीय मलेरिया वर्किंग कमेटी की समीक्षा बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में एडीसी ने स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मलेरिया व डेंगू  से बचाव के लिए बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में लोगों को जागरूक करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि वे डेंगू व मलेरिया के संभावित चिन्हित किए गए क्षेत्रों में स्कूलों में विद्यार्थियों को व अन्य क्षेत्रों में आमजन को बचाव के बारे में जागरूक करें।
एडीसी ने जनस्वास्थ्य विभाग, रोडवेज, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, पंचायत विभाग, नगर निगम  व अन्य विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यालयों में पानी के ठहराव वाली जगहों को साफ रखें। उन्होंने शहरी क्षेत्र में नगर निगम व ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत विभाग के अधिकारियों को सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने व फोगिंग करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग अपनी आंगनवाड़ी वर्कर के माध्यम से महिलाओं को डेंगू व मलेरिया से बचाव के बारे में जागरूक करें। इसी प्रकार से उन्होंने रोडवेज विभाग के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे वर्कशॉप आदि में खराब टायर न रखें, जिनमें पानी का ठहराव होता हो। उन्होंने पंचायत विभाग को निर्देश दिए कि वे गांवों में स्वच्छता बनाए रखें।

बॉक्स : सप्ताह में एक बार ड्राई-डे जरूर मनाएं: अनु शर्मा
बैठक के दौरान उप सिविल सर्जन अनु शर्मा ने बताया कि मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए जरूरी है कि अपने घरों में गमलों आदि में पानी इक_ा न होने दें, जिससे उसमें लार्वा बने। इसके लिए जरूरी है कि अपने-अपने घरों में रविवार को और शुक्रवार को अपने कार्यालय में ड्राई-डे मनाया जाए। उन्होंने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए दवाई का छिडक़ाव शाम को दिन ढलने के समय ही करना चाहिए। इसके साथ ही मलेरिया व डेंगू से बचाव के लिए जरूरी है कि सुबह और शाम को सैर को जाते समय पूरी बाजू के कपड़े पहनें ताकि मच्छर कहीं से काटने न पाए।
बैठक में उन्होंने ने बताया कि मलेरिया के लक्षण में व्यक्ति को ठंड(कंपकपी) के साथ बुखार आना, उल्टी होना या उल्टी जैसा लगना, शरीर में ऐठन एवं दर्द, सिरदर्द, चक्कर आना, थोड़ी देर में पसीने के साथ बुखार आना एवं कुछ समय के अंतराल में फिर बुखार आना है। इसी प्रकार से डेंगू के लक्षण में अचानक तीव्र ज्वर का होना, दर्द होना और उल्टी का होना है। उन्होंने बताया कि इन लक्षणों के होने पर सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं। जिला में सभी लैब संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे डेंगू की जांच के लिए निर्धारित फीस से अधिक पैसे वसूल ना करें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *