2 मार्च को मतदान के दिन रहेगी छुट्टी, इस्माइलाबाद के 13 वार्डो में 10539 लोग करेंगे मतदान नगर परिषद थानेसर में 137677 लोग करेंगे मतदान
कुरुक्षेत्र, 23 फरवरी।   उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि नगर परिषद व नगर पालिका के चुनाव में सभी प्रत्याशियों को अपने चुनावी खर्चों का पूरा हिसाब किताब रखना होगा। इन चुनावों में प्रत्याशियों को हरियाणा राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी नियमों की सख्ती से पालना करनी होगी। अगर किसी भी स्तर पर आदेशों की पालना नहीं होगी तो नियमानुसार कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
उपायुक्त नेहा सिंह ने आज यहां बातचीत करते हुए कहा कि हरियाणा राज्य चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार चुनावी प्रक्रिया चल रही है। इन चुनावों को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। इस आचार संहिता की सख्ती के साथ पालना करनी  होगी। इन आदेशों की पालना करवाने के लिए अधिकारियों की ड्यूटियां लगा दी गई है। सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करना होगा। अगर किसी अधिकारी व कर्मचारी ने भी आदर्श आचार संहिता की उल्लंघना की तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
2 मार्च को मतदान के दिन रहेगी छुट्टी
उपायुक्त नेहा सिंह ने आदेश जारी किए है कि हरियाणा राज्य चुनाव आयोग के दिशा निर्देशानुसार 2 मार्च को मतदान के दिन छुट्टी रहेगी। इस दिन सारी फैक्ट्रियों, बाजारी संस्थान, उद्योग, ट्रेड, दुकानों इत्यादि में सभी कर्मचारियों की छुटटी रहेगी ताकि सभी लोग अपने वोट डाल सके।
इस्माइलाबाद के 13 वार्डो में 10539 लोग करेंगे मतदान
शुगर मिल के प्रबंधक निदेशक एवं इस्माइलाबाद के रिटर्निंग अधिकारी विरेंद्र चौधरी ने कहा कि इस्माइलाबाद में नगर पालिका के अध्यक्ष पद का उपचुनाव 2 मार्च को होगा। इस अध्यक्ष पद के लिए शहर के 10539 लोग अपने मत का प्रयोग करेंगे। इस शहर में कुल 13 वार्डों में 13 बूथ बनाए गए है। इस शहर के वार्ड 1 में 605 वोट है, जबकि वार्ड 2 में 666, वार्ड 3 में 702, वार्ड 4 में 1100, वार्ड 5 में 927, वार्ड 6 में 776, वार्ड 7 में 1088, वार्ड 8 में 869, वार्ड 9 में 917, वार्ड 10 में 747, वार्ड 11 में 622, वार्ड 12 में 689 व वार्ड 13 में कुल 831 वोट है।
जिला नगर आयुक्त सतिंद्र सिवाच ने कहा कि नगर परिषद थानेसर के 30 वार्डो में कुल 137677 लोग अपने मत का प्रयोग करेेंगे। इसमें 70994 पुरुष व 66683 महिलाएं मतदाता शामिल है। इन चुनावों में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार 2 मार्च को मतदान होगा और 12 मार्च मतगणना का कार्य किया जाएगा। यहां पर चेयरमैन पद व 30 पार्षद के पद के लिए आम चुनाव होंगे। इन चुनावों की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *