अब दिल्ली भी मजबूती से विकसित भारत के साथ करेगी कदमताल
कुरुक्षेत्र, 9 फरवरी- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पर मोहर लगाई है। अब मोदी जी की नीतियां दिल्ली में लागू होंगी, लोगों को आयुष्मान योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा और पीने का स्वच्छ पानी उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी रविवार को नई दिल्ली में कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल व पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल से बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अब दिल्ली भी मजबूती से विकसित भारत के साथ कदमताल करेगी और चुनाव में भाजपा की इस बड़ी जीत के लिए मैं दिल्ली के लोगों को शुभकामनाएं देता हूँ। दिल्ली चुनाव में लगे सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को भी उन्होंने बधाई दी और कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व ने एक कुशल संगठनकर्ता की तरह काम किया है। उन्होंने पार्टी की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया।

उन्होंने कहा कि आज दिल्ली की जनता ने झूठ बोलकर लोगों को बहकाने वाले नेता से छुटकारा पाया है। अरविंद केजरीवाल ने लोगों से झूठे वायदे कर विकास के सब्जबाग दिखाएं लेकिन उन्होंने जनता के लिए कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने दिल्ली की सड़कों को पेरिस जैसी बनाने का वायदा किया था लेकिन जब मैं चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली के अलग-अलग स्थानों पर गया तो वहां घंटों जाम व टूटी हुई सडक़ों के अलावा कुछ नहीं मिला। यमुना नदी की तरफ भी कोई ध्यान नहीं दिया गया। अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि वे गरीब के बच्चों को डॉक्टर व इंजीनियर बनाएंगे लेकिन इसके विपरीत उन्होंने जगह-जगह शराब के ठेके खोलने का काम किया। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली फिर से विकास की दौड़ में शामिल होगी। यह मोदी की गारंटी है कि अगर कहा है तो करेंगें।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली अब विकसित भारत के साथ अपने कदमताल करेगी। यमुना रिवर फ्रंट को इतना सुंदर बनाया जाएगा कि लोग कर्तव्य पथ व इंडिया गेट की बजाय वहां घूमना पसंद करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यमुना को स्वच्छ करने व सौंदर्यीकरण करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण को खत्म करने के लिए कई योजनाओं पर तीव्र गति से काम होगा। इसके लिए मेट्रो सेवाओं में बढ़ोतरी होगी और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ाने सहित कई योजनाओं पर तेजी से काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी की झूठ को जहां सत्ता से बाहर करने का काम किया है वहीं कांग्रेस पार्टी तीसरी बार जीरो पर आउट हुई है। यह कांग्रेस की हैट्रिक है। इंडी गठबंधन का भी अब कोई भविष्य नहीं है और दिल्ली चुनाव के साथ ही उनकी दुकान भी बंद हो गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव को लेकर हमेशा गंभीर रहती है, चुनाव चाहे छोटा हो या बड़ा। प्रत्येक कार्यकर्ता उसे गंभीरता से लड़ता है।  हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनावों में भी पार्टी कार्यकर्ता जी-जान से लगे हुए है और इन चुनावों में भी भाजपा अपना परचम लहराएगी। सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेज गति से विकास कर रहे है। इस मौके पर पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल, सांसद नवीन जिंदल की पत्नी शालु जिंदल उपस्थित थी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *