मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आईजीएन कॉलेज लाडवा में 51वें स्थापना दिवस पर किया पौधारोपण, कॉलेज के 50 सालों के स्वर्ण जयंती सफर पर आधारित प्रदर्शनी का किया उद्घाटन, मुख्यमंत्री ने शिक्षण संस्थान को दी 21 लाख रुपए की अनुदान राशि
लाडवा 24 जनवरी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार आगामी 5 सालों में योग्यता के आधार पर युवाओं को 2 लाख सरकारी नौकरियां देगी। इस सरकार ने पिछले 10 सालों में 1 लाख 71 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी है। इस सरकार ने युवाओं को सरकारी नौकरियां देने के साथ-साथ अपना रोजगार स्थापित करने के लिए विभिन्न योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम किया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को आईजीएन कॉलेज धनौरा लाडवा में आयोजित 51वें वार्षिक उत्सव स्वर्ण जयंती समारोह में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, लेफ्टिनेंट जनरल एसके सैनी व आईजीएन कॉलेज शिक्षण संस्थान के प्रधान पवन गर्ग ने कॉलेज की तरफ से आयोजित हवन यज्ञ में आहुति डाली और शिक्षण संस्थान के संस्थापक स्वर्गीय ओम प्रकाश गर्ग की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कॉलेज के प्रांगण में पौधारोपण किया। इस स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिक्षण संस्थान को 21 लाख रुपए अनुदान राशि देने की घोषणा की है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कॉलेज की स्वर्ण जयंती पर स्मारिका का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने संस्थान के 51 वर्ष पूरे होने पर शिक्षकों, विद्यार्थियों और प्रबंधकों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में युवाओं को शिक्षित करने के लिए वर्ष 1974 में आईजीएन कॉलेज की स्थापना की गई। इस 50 साल के ऐतिहासिक सफर में शिक्षण संस्थान में हजारों विद्यार्थियों को अच्छा नागरिक बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि विकसित हरियाणा के लक्ष्य को पूरा करने के लिए आईजीएन कॉलेज जैसे शिक्षण संस्थान का अहम योगदान रहेगा। इस प्रदेश व देश को प्रगति और ऊंचाइयों के शिखर पर ले जाने के लिए शिक्षण संस्थानों के योगदान को सबसे महत्वपूर्ण माना गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को अच्छा नागरिक, अच्छे संस्कार,अच्छी शिक्षा, नैतिक मूल्य और रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू किया। इस शिक्षा पद्धति को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की तरफ से लागू कर दिया गया है। इस शिक्षा नीति से विद्यार्थी एक ही छत के नीचे केजी से लेकर पीजी कक्षाओं तक अपनी शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे, इतना ही नहीं स्कूल से विश्वविद्यालय तक विद्यार्थियों को कुशल बनाने का भी काम किया जाएगा। इस सरकार ने युवाओं को उच्च शिक्षा प्रदान करने के लिए 79 राजकीय कॉलेज खोलने का काम किया। इसमें से 32 कॉलेज बेटियों के लिए ही बनाए गए है। अब प्रदेश में हर 20 किलोमीटर के दायरे में राजकीय कॉलेज स्थापित किया जा चुका है। इसके अलावा 13 नए विश्वविद्यालय स्थापित किए गए है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने बिना खर्ची बिना पर्ची के युवाओं को पिछले 5 सालों में 1 लाख 71 हजार सरकारी नौकरियां दी और आने वाले 5 सालों में युवाओं को 2 लाख और सरकारी नौकरियां दी जाएगी। सरकार की तरफ से विदेशों में नौकरियां व शिक्षा देने के लिए युवाओं के सहयोग के लिए विदेश सहयोग विभाग स्थापित किया है और कॉलेजों में ही 35 हजार युवाओं के नि:शुल्क पासपोर्ट भी बनाए गए है। इस प्रदेश के युवाओं ने खेलों के साथ-साथ हर क्षेत्र में प्रदेश का नाम पूरे विश्व में रोशन करने का काम किया है।
लेफ्टिनेंट जनरल एसके सैनी ने आईजीएन कॉलेज के स्वर्ण जयंती उत्सव की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षण संस्थान ने अच्छे नागरिक तैयार करने का काम किया है। इस कॉलेज की बेटियों ने ऊंचे सपनों की उड़ान भरी है। कालेज प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष पवन गर्ग ने मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि स्वर्गीय ओम प्रकाश गर्ग के प्रयासों से 1974 में कॉलेज की स्थापना की गई। इस कॉलेज ने अब 50 सालों की ऐतिहासिक  यात्रा पूरी कर ली है। यह लाडवा हल्का का एकमात्र कॉलेज है। इस कॉलेज में आर्ट, कॉमर्स, साइंस फैकल्टी की सुविधा और अब कॉलेज में पीजी की कक्षाएं भी शुरू हो चुकी है। इस कॉलेज के निर्माण में धनौरा पंचायत का अहम योगदान है। इस पंचायत ने कॉलेज के निर्माण के लिए 36 एकड़ भूमि दान में दी है। इस कार्यक्रम में  कॉलेज के प्रिंसिपल कुशल पाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष सुशील राणा, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, नपा चेयरमैन साक्षी खुराना, भाजपा प्रदेश सचिव राहुल राणा, भाजपा नेता नायब सिंह पटाख माजरा, डा. गणेश दत्त, गुरनाम सिंह सैनी, शिव गुप्ता, विकास शर्मा, अमरेन्द्र सिंह, मोहित सिंह, प्रवीण गुप्ता, विकास सिंघल आदि उपस्थित थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *