विधायक बोले- शहरवासियों को मिलेगी जाम से निजात, 2 साल में बनकर होगा तैयार

करनाल, 17 जनवरी- करनाल के बीचों-बीच बनने वाले सिंगल पिलर फ्लाईओवर के निर्माण कार्य की विधायक जगमोहन आनंद ने नारियल फोड़कर शुरुआत की। इसके उपरांत उन्होंने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि इस फ्लाईओवर से शहरवासियों को जाम से निजात मिलेगी और यह 2 साल में बनकर तैयार हो जाएगा। इस फ्लाईओवर पर 122 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

विधायक जगमोहन आनंद करनाल के सेक्टर-13 व 14 स्थित मटका चौक पहुंचे। यहां  उन्होंने नारियल फोड़कर फ्लाईओवर के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान लड्डू बांटकर खुशी मनाई गई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह फ्लाईओवर बनने से शहरवासियों को लाभ होगा। शहर के लोग जब भी केंद्रीय मंत्री व करनाल के सांसद मनोहर लाल से मुलाकात करते थे तो जाम की समस्या को रखते थे। उन्होंने इसे लेकर 2 वर्ष तक वर्किंग की और अंत में सिंगर पिलर फ्लाईओवर बनाने के कार्य को मंजूरी दी। यह शहर के लिए खुशी की बात है कि इसका कार्य शुरू हो गया है।

शहरवासियों को नहीं होगी परेशानी
विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि इस फ्लाईओवर के बनने से शहरवासियों को किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। रूट डायवर्ट कर दिए गए हैं। शहरवासियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद भी यदि किसी का कोई सुझाव है तो वह आकर मिल सकता है। यदि किसी एंबुलेंस को इस रोड पर जाना होगा तो पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जो जाने के लिए बैरिकेड्स को हटा देंगे। उन्होंने कहा कि करनालवासियों को आए दिन विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी आश्वासन दिया है कि यहां से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

122 करोड़ की लागत से बनेगा फ्लाई ओवर
विधायक जगमोहन आनंद ने बताया कि फ्लाईओवर का निर्माण करीब 122 करोड़ रुपये में होगा। फ्लाई ओवर को फेज वाइज बनाया जाएगा। इसके दोनों सेक्शन में कुल 95 के करीब पिलर बनाए जाएंगे। यह दो लेन का होगा। उन्होंने बताया कि फ्लाईओवर का निर्माण यातायात को सुगम बनाने में मील का पत्थर साबित होगा और शहर को भीड़ से निजात मिलेगी। शहर के नागरिकों को फ्लाईओवर की बड़ी सौगात मिलेगी।

इस मौके पर कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता, पूर्व मेयर रेनू बाला गुप्ता, चेयरपर्सन मेघा भंडारी, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर राजेश अग्गी, मंडल अध्यक्ष बिशन सिंह शेखावत, सुनील गोयल, प्रवीन लाठर, सुनील गुप्ता, संकल्प भंडारी, मेहर सिंह कलामपुरा, विपिन शर्मा, रवि वत्स व अन्य साथी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *