केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किया एनडीआरआई का दौरा
शोधकर्ताओं, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और किसानों को किया संबोधित
करनाल, 11 दिसंबर-
केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को एनडीआरआई पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और प्रगतिशील किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि किसानों की आय दोगुनी हो। कृषि भारत की रीढ़ है और हमारे देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण स्थान रखती है। आज भारत सरकार द्वारा लगातार किसानों व कृषि क्षेत्र के लिए नई-नई योजनाएं बनाई जा रही हैं, जिसका लाभ देशभर के किसान ले रहे हैं। इस मौके पर हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण व करनाल के विधायक जगमोहन आनंद भी मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि किसानों को नई-नई तकनीक मिले। पिछले दिनों प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 109 नए बीजों की वैरायटी को लॉन्च किया है। किसान के उत्पादन के ठीक दाम मिले। उन्होंने कहा कि आज कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में अनुसंधान की जरूरत है। तभी प्रधानमंत्री ने जय-जवान, जय-किसान के नारे को आगे बढ़ाते हुए जय अनुसंधान का नारा दिया है। हमारे दुग्ध उत्पादकों को अधिक से अधिक दूध के उत्पादन का लक्ष्य लेना चाहिए। वहीं हमारे शोधकर्ताओं को अच्छे से अच्छे अनुसंधान का लक्ष्य लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें भारत को दूध के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है।

आईसीआर के अलग-अलग संस्थानों के बजट पर जल्द होगी चर्चा
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आईसीआर के अलग-अलग संस्थानों को दिए जाने वाले बजट पर जल्द चर्चा की जाएगी। कैसे इसे और बेहतर किया जा सकता है। इस पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान को बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी। शोध के क्षेत्र में और बेहतर क्या किया जा सकता है, इस पर भी जल्द बैठक कर चर्चा की जाएगी।

महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण अति आवश्यक
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण अति आवश्यक है। तभी सरकार ने लखपति दीदी जैसी योजनाएं बनाई है। बहनें जब आर्थिक रूप से सशक्त हो जाएंगी तो उनमें अपने आप आत्मविश्वास पैदा हो जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का संकल्प लिया है। किसानों, महिलाओं व समाज के हर वर्ग ने इसमें अपनी भागीदारी निभानी है।

इस मौके पर किसान व स्वयं सहायता समूह की महिला ने अपने अनुभव केंद्रीय मंत्री के समक्ष सांझा किए। इससे पूर्व एनडीआरआई के निदेशक धीर सिंह ने संस्थान की उपलब्धियों को केंद्रीय मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया। इस दौरान निदेशक जयकृष्ण अभीर, ग्रामीण आजीविका मिशन की सीईओ अमरेंदर कौर, एके सिंह व अन्य मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *