नव दम्पतियों को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी ने दी प्रेम एवं समर्पण के साथ दी शिक्षा की प्रेरणा
जयराम विद्यापीठ को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी ने बताया अपना मायका
जयराम विद्यापीठ ने गीता महोत्सव में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है एवं पूज्य गुरु देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी के दिखाए मार्ग पर चलने का प्रयास है : ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी
कुरुक्षेत्र, 9 दिसम्बर : कुरुक्षेत्र के जयराम विद्यापीठ में गीता जयंती महोत्सव 2024 के अवसर पर देशभर में संचालित श्री जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी एवं संत महापुरुषों के आशीर्वाद से आर्थिक तौर पर कमजोर परिवारों की 25 कन्याओं का 33 वां सामूहिक विवाह समारोह सम्पन्न हुआ। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। नव दम्पतियों को आशीर्वाद देने के लिए महंत बंसी पुरी, परमहंस स्वामी ज्ञानेश्वर, विद्यापीठ में भागवत कथा कर रहे कथा व्यास संजीव कृष्ण ठाकुर सहित सामूहिक विवाह पिछले 33 वर्षों से श्रीमती सारा देवी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा सम्पन्न करवा रहे राम लाल गोयल, कैलाश गोयल, विजय गोयल, निधि गोयल इत्यादि मंच पर मौजूद रहे।
सामूहिक विवाह समारोह में 25 जोड़ों को आशीर्वाद देने के उपरांत वैवाहिक जीवन में जरूरत का सामान नव दम्पतियों को उपहार स्वरूप दिया गया। अब तक ट्रस्ट द्वारा जयराम विद्यापीठ में करीब 25 सौ जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं का विवाह सम्पन्न करवाया जा चूका है।
इस मौके पर मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी ने नवविवाहित दम्पतियों से कहा कि वे सौभाग्यशाली हैं कि विद्यापीठ जैसे स्थान पर संत महापुरुषों के आशीर्वाद से गीता जयंती के अवसर पर उनका विवाह सम्पन्न हुआ है। उन्होंने भगवान का भी आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। सुमन सैनी को परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी द्वारा अपनी छोटी बहन कहे जाने पर वे भाव विभोर हुई और उन्होंने भी जयराम विद्यापीठ को अपना मायका बताया। सुमन सैनी ने नव विवाहितों को भविष्य में सफल विवाहित जीवन के लिए आपसी प्रेम एवं समर्पण के साथ शिक्षा का भी महत्व बताया। उन्होंने कहा कि वास्तव में जयराम संस्थाएं कन्या शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र सराहनीय कार्य वर्षों से कर रही हैं। सुमन सैनी ने कहा कि यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि आज मैं इस कार्यक्रम में पहुंची हूं और इस तरह के कार्यक्रम लोगों को समाज सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। श्री जयराम संस्थान के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी जो ये समाजसेवा की अलख जगा रहे हैं उसके लिए उन्हें जितना साधुवाद दिया जाए वो कम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पानीपत रैली पर बोलते हुए सुमन सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले भी पानीपत से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की शुरुआत की थी और आज प्रधानमंत्री बीमा सखी योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने हरियाणा की महिलाओं को बधाई भी दी।
सामूहिक विवाह समारोह के आयोजक श्रीमती सारा देवी चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष राम लाल गोयल ने कार्यक्रम में आए हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि जयराम संस्थाओं के संस्थापक गुरु ब्रह्मलीन देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी की प्रेरणा से ही उनका परिवार 33 सालों से ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी के सहयोग से पिछले 33 सालों से कर्तव्य निभा रहा है। भविष्य में भी सहयोग करता रहेगा।
परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने बताया कि उनके पूज्य गुरु ब्रह्मलीन देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी की प्रेरणा से करीब 33 वर्षों से गरीब परिवारों की कन्याओं के सामूहिक विवाह श्रीमती सारा देवी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गीता में दिए गए कर्म के संदेश की प्रेरणा से ही हजारों जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं का सामूहिक विवाह जयराम विद्यापीठ में सम्पन्न करवाए जाते हैं। जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष ने कहा कि धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में जयराम विद्यापीठ ने गीता महोत्सव में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसी वजह से कुरुक्षेत्र को एक नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि अपने पूज्य गुरुदेव देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी जी के दिखाए मार्ग पर निरन्तर चलने का प्रयास किया जा रहा है। विद्यापीठ संस्था कर्म और धर्म का अनुसरण कर रही है। कर्म और धर्म का अनुसरण करते हुए ही विद्यापीठ में श्रीमद भागवत कथा, सामूहिक विवाह, हास्य कवि सम्मेलन, राज्य स्तरीय अंतर विद्यालय  सांस्कृतिक कार्यक्रम इत्यादि गीता जयंती के अवसर पर आयोजित किए जाते हैं। मंच संचालन राजेश सिंगला ने किया। इस मौके पर टी.के. शर्मा, श्रवण गुप्ता, कुलवंत सैनी, के.के. कौशिक एडवोकेट, टेक सिंह, एस.एन. गुप्ता, पवन गर्ग, खरैती लाल, सुरेंद्र गुप्ता, सुरेश गुप्ता, डा. नरेंद्र पाल गुप्ता, विनीत गर्ग, हरप्रीत सिंह चीमा, मनप्रीत सिंह चीमा, कपिल मित्तल, मुनीश मित्तल, विजय गर्ग, सुनील गर्ग, सुनील गौरी, रणबीर भारद्वाज, सतबीर कौशिक, रोहित कौशिक इत्यादि भी मौजूद रहे।

फोटो परिचय : सामूहिक विवाह में नव विवाहितों के साथ परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी एवं कथावाचक संजीव कृष्ण ठाकुर, मंच पर मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी, परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप एवं संत महापुरुष। नव विवाहित जोड़े को सामान देते हुए मुख्य अतिथि एवं परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी। सामूहिक विवाह उपरांत नव विवाहित जोड़े।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *