करनाल, 4 दिसंबर।  नेहरू युवा केंद्र करनाल की जिला युवा अधिकारी रेनू सिलग ने बताया कि युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा माय भारत पोर्टल के माध्यम से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग कार्यक्रम का आयोजन 25 नवंबर से 5 दिसम्बर तक माय भारत पोर्टल पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में देशभर से चुने हुए 3000 युवाओं को 12 जनवरी 2024 को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रूबरू होने का मौका मिलेगा।

रेनू सिलग ने बताया कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की अग्रणी भूमिका की वकालत की गई थी। इस विचार को लेकर युवाओं को विकसित भारत की भविष्य योजना पूरा करने की दिशा में अपने विचार और दृष्टिकोण प्रस्तुत करने का मौका दिया जाएगा। इसमें युवाओं के लिए सबसे प्रमुख आकर्षण प्रधानमंत्री से सीधे बातचीत करने और भारत का भविष्य गढ़ने में अपने विचार शामिल करने का अवसर होगा। इससे राजनीतिक और नागरिक जीवन में युवाओं की भागीदारी बढ़ेगी।
बॉक्स: विकसित भारत चुनौती: चार-चरणीय प्रतियोगिता
जिला युवा अधिकारी रेनू सिलग ने बताया कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग कार्यक्रम पुनर्कल्पित युवा महोत्सव है, जिसमें भारत के भविष्य को आकार देने में युवाओं की भागीदारी प्रेरित करने की चार चरणों में प्रतियोगिता शामिल है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में विकसित भारत प्रश्नोत्तरी आयोजित की जाएगी। इसके अंतर्गत मेरा युवा भारत (http://mybharat.gov.in) प्लेटफॉर्म पर 25 नवंबर 2024 से 5 दिसंबर 2024 तक आयोजित होने वाले डिजिटल क्विज में 15 वर्ष से 29 वर्ष की आयु के युवा भाग लेंगे। इसमें प्रतिभागियों के ज्ञान और भारत की उल्लेखनीय उपलब्धियों के बारे में उनकी जानकारी की परीक्षा होगी। इसी प्रकार से दूसरे चरण में निबंध और ब्लॉग लेखन प्रतियोगिता आयोजित होगी जिसमेंं पिछले चरण के विजेता लगभग 10 चुने गए विषयों जैसे विकसित भारत के लिए तकनीक, विकसित भारत के लिए युवाओं को सशक्त बनाना आदि पर निबंध प्रस्तुत करेंगे, जिसमें राष्ट्रीय विकास के प्रति उनके विचार परिलक्षित होंगे। यह प्रतियोगिता एमवाई भारत प्लेटफार्म पर भी आयोजित की जाएगी।
रेनू सिलग ने बताया कि तीसरे चरण के तहत विकसित भारत विजन पिच डेस्क- राज्य स्तरीय प्रस्तुतियां विषय पर आधारित होंगीं। दूसरे चरण में उत्तीर्ण होने वाले प्रतिभागी राज्य स्तर पर चुने हुए विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। उनकी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रत्येक राज्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु प्रतिभागियों के चयन के लिए विभिन्न विषयों पर टीमों का गठन करेगा। चौथे चरण में भारत मंडपम में विकसित भारत राष्ट्रीय चैम्पियनशिप होगी। विभिन्न थीम-आधारित राज्य स्तरीय टीमें 11 और 12 जनवरी, 2025 को राष्ट्रीय युवा महोत्सव प्रतिस्पर्धा में भाग लेंगीं। विजेता टीमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समक्ष विकसित भारत के निर्माण पर अपने दृष्टिकोण और विचार प्रस्तुत करेंगी।  उन्होंने बताया कि क्विज में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनकर्ता को एक लाख रूपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। दूसरे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनकर्ता को 75 हजार रूपये, तीसरे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनकर्ता को 50 हजार रूपये का नकद पुरुस्कार मिलेगा।  अगले 100 शीर्ष प्रदर्शनकर्ताओं को 2 हजार रूपये प्रति व्यक्ति सांत्वना पुरस्कार तथा अगले 200 प्रतिभागियों को 1 हजार रूपये प्रति व्यक्ति अतिरिक्त सांत्वना पुरस्कार मिलेगा।  इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *