पैवेलियन द्वारा हरियाणवी लोक कला एवं संस्कृति को संजोने का होगा प्रयासः प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा
70 से अधिक स्टॉल होंगे विशेष आकर्षण का केन्द्र, तैयारियां जोरों पर
कुरुक्षेत्र, 03 दिसम्बर।
 कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग की ओर से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2024 के अवसर पर ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में स्थापित किए जा रहे हरियाणा पैवेलियन का उद्घाटन हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 5 दिसंबर को करेंगे। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा स्थापित किए जा रहे हरियाणा पैवेलियन के माध्यम से हरियाणवी लोक कला एवं संस्कृति को संजोने का प्रयास होगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा पैवेलियन की तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा पैवेलियन के अंतर्गत हरियाणा की प्रसिद्ध लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत से पर्यटकों को रूबरू करवाया जायेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा पैवेलियन 5 से 11 दिसंबर तक सभी पर्यटकों के लिए खुला रहेगा। वहीं इस बार हरियाणा पैवेलियन में 70 से अधिक स्टॉल विशेष आकर्षण का केन्द्र होंगे। वहीं हरियाणवी खान-पान से लेकर हरियाणवी लोक परिधान, आभूषण, हरियाणवी पगड़ी से हरियाणा पैवेलियन की शान बढे़गी।
इस विषय में विस्तार से जानकारी देते हुए युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक व हरियाणा पैवेलियन के संयोजक डॉ. विवेक चावला ने बताया कि हरियाणा पैवेलियन की तैयारियों में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की पूरी टीम हरियाणा पैवेलियन की साज-सज्जा में जुटी हुई है जिसमें ललित कला विभाग, टूरिज्म विभाग, गृह विज्ञान विभाग तथा शिल्पकारों की अहम भागीदारी है। उन्होंने बताया कि हरियाणवी पैवेलियन में सांस्कृतिक मंच सुबह से लेकर शाम तक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिसका दर्शक एवं पर्यटक भरपूर आनन्द ले सकेंगे तथा उन्हें अपनी हरियाणवी लोक कला एवं संस्कृति से जुड़ने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन सुबह 11 बजे  से 1 बजे तक और दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक आयोजित होगा।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि इस वर्ष हरियाणवी मचान हरियाणवी पैवेलियन के आकर्षण का केन्द्र रहेगी। वहीं पैवेलियन में हरियाणवी स्टाइल में सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया जहां पर्यटक आकर्षक फोटो ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के सौजन्य से हरियाणा के प्रतिष्ठित लोक कलाकार प्रदेश की संस्कृति से दर्शकों एवं पर्यटकों को रूबरू करवाएंगे। इस अवसर पर प्रतिष्ठित लोक कलाकार पद्मश्री महावीर गुड्डू सहित अमित सैनी रोहतकीया, गजेन्द्र फोगाट, अमित पुनिया, हरविन्द्र राणा, सूरज बेदी, श्याम लाल सांगी, राजीव शर्मा कॉमेडियन, रामकेश जीवनपुरिया तथा अन्य लोक नृत्य कलाकार बेहतरीन लोक नृत्य एवं पारंपरिक रागनी की प्रस्तुतियां प्रस्तुत करेंगे जिसका पर्यटक लुत्फ उठा सकेंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *