जनसम्पर्क विभाग की अतिरिक्त निदेशिका वर्षा खंगवाल ने किया ब्रह्मसरोवर प्रदर्शनी स्थल का निरीक्षण, प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को किया जाएगा प्रदर्शित, 5 से 11 दिसंबर तक चलेगी राज्य स्तरीय प्रदर्शनी
कुरुक्षेत्र 26 नवंबर   सूचना जनसम्पर्क भाषा एवं संस्कृति विभाग की अतिरिक्त निदेशिका वर्षा खंगवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2024 में प्रदेश सरकार की तरफ से राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में महाभारत के यादगार लम्हों के साथ-साथ पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों को  दर्शाया जाएगा। इस प्रदर्शनी में हाईटेक तकनीकी का प्रयोग किया जाएगा। इस प्रदर्शनी को लगाने की जिम्मेवारी एक एजेंसी को सौंपी गई है और यह प्रदर्शनी 5 दिसंबर से 11 दिसंबर तक चलेगी।
अतिरिक्त निदेशिका वर्षा खंगवाल मंगलवार को ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही थी। इससे पहले अतिरिक्त निदेशिका वर्षा खंगवाल, अतिरिक्त निदेशक रणबीर सांगवान, शहीदी स्मारक संग्रहालय के निदेशक डा. कुलदीप सैनी, संयुक्त निदेशक साहब सिंह गोदारा, केडीबी के मानद सचिव उपेन्द्र सिंघल, सदस्य अशोक रोसा ने पुरुषोत्तमपुरा बाग श्रीकृष्ण अर्जुन रथ के पास 5 से 11 दिसंबर तक लगने वाली राज्य स्तरीय प्रदर्शनी के स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त निदेशिका ने अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रदर्शनी की तैयारियां निर्धारित समय अवधि के अंदर पूरी की जानी चाहिए और किसी स्तर पर भी कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सूचना जनसम्पर्क भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक केएम पांडूरंग के आदेशानुसार राज्य स्तरीय प्रदर्शनी को हाईटेक तकनीकी से लगाने का जिम्मा एक निजी एजेंसी को सौंपा है। इस एजेंसी के अधिकारियों को 4 दिसंबर से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के आदेश दिए गए है। इस प्रदर्शनी में महाभारत काल से जुड़े अहम लम्हों को दिखाने का प्रयास किया जाएगा और पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों को भी दर्शाया जाएगा। इस प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों की तरफ से सरकारी की उपलब्धियों और योजनाओं के बारे में अलग-अलग स्टाल भी लगाए जाएंगे। इस प्रदर्शनी का लेकर विभागीय तैयारियां जोर-शोर से की जा रही है और यह प्रदर्शनी निश्चित ही आकर्षण का केंद्र बनेगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *