गन्ना किसानों को समय पर होगा भुगतान : डॉ. अरविंद शर्मा

करनाल, 19 नवम्बर।   हरियाणा के सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने आज यहां  शुगर मिल के 49वें पिराई सत्र की शुरुआत की। हवन-यज्ञ के बाद मंत्री ने मशीन में पिराई के लिए  गन्ना डाला। इस मौके पर उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को मिल में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी और समय पर भुगतान किया जायेगा।
डॉ अरविंद शर्मा ने इस मौके पर कहा कि राज्य सरकार किसानों को देश में गन्ने का सर्वाधिक भाव दे रही है। उन्होंने बताया कि जिला के 232 गांवों में गन्ने की पैदावार की जा रही है। चीनी मिल इस समय मुनाफे में है। किसानों और मिल प्रशासन की मेहनत की बदौलत मिल को तीन बार पुरस्कार मिल चुका है। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने के लिये हर वर्ग को भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।  मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिये प्रयासरत हैं। सरकार ने हाल ही में 26 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिये हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने खर्ची-पर्ची सिस्टम को खत्म करके मेरिट के आधार पर नौकरियां दी हंै। आने वाले समय में दो लाख युवाओं का नौकरियां दी जायेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 33 हजार पंजीकृत समितियां है जिनसे 55 लाख लोग जुड़े हैं। सरकार हर वर्ग की भलाई के लिये वचनबद्ध है।
हरियाणा शुगरफेड के अध्यक्ष धर्मबीर डागर ने इस मौके पर कहा कि मिल तकनीकी दक्षता के मामले में बेहतर परिणाम दे रही है। जिला का किसान काफी मेहनती है। किसानों से अपील की कि से मिल में साफ गन्ना लाएं ताकि रिकवरी अच्छी हो सके। मिल ने पिछले सत्र में 49.34 लाख गन्ने की पिराई करके 4.90 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया था और मिल की रिकवरी 9.95 प्रतिशत रही थी। इस साल पिराई का लक्ष्य 50 लाख क्विंटल और रिकवरी 10.01 प्रतिशत रखा गया है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टोकन से किसानों को समय की बचत हुई है।
इस साल मिल एरिया में गन्ने की बिजाई 22658 एकड़ में की गई है जिसमें से 71 प्रतिशत अगेती और 29 प्रतिशत मध्यम किस्म का गन्ना है। मिल अब तक गन्ना रिकवरी व विकास के लिये 21 बार इनाम प्राप्त कर चुकी है।
इस मौके पर तीन किसानों-कृष्ण खिराजपुर, नेत्रपाल दिलवाड़ा और सोहनलाल चोरपुरा को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। इससे पहले मिल में पहुंचने पर एमडी हितेंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। एमडी ने मिल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। राजपाल लाठर द्वारा मुख्य अतिथि और आए हुए किसानों का धन्यवाद किया।
इस मौके पर केन मैनेजर रोहताश लाठर, मुख्य अभियंता भजन लाल, देवेंद्र गौतम, प्रकाश नरवाल, इंद्रपाल, ओमपाल, गुरूपाल, सुभाष, सुशील, संदीप आदि मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *