सुबह से लेकर शाम तक लगी रही भक्तों की लंबी-लंबी कतारें, गूंजे जय श्री श्याम के जयकारे
-बाबा श्याम के जन्मोत्सव व देवउठनी एकादशी के उपलक्ष्य में भजन कीर्तन का किया गया आयोजन
करनाल, 12 नवंबर : शहर की पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में देवउठनी एकादशी व बाबा श्याम का प्रकटोत्सव व बड़े उत्साह व धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर व बाबा श्याम का स्वरूप फूलों से सजाया और महकाया गया। सुबह से ही मंदिर के बाहर श्याम भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगना शुरू हो गई थी। सुबह से लेकर शाम तक श्याम प्रेमियों ने मंदिर में पहुंचकर बाबा के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। देवउठनी एकादशी व बाबा श्याम के प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर में कीर्तन का आयोजन भी किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर कीर्तन का आनंद उठाया। सुबह से लेकर प्रभु इच्छा तक श्रद्धालुओं ने श्याम बाबा का गुणगान किया। कीर्तन के दौरान हुए गुणगान के माध्यम से श्रद्धालुओं को देवउठनी एकादशी महत्व बताया गया। मंदिर कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर पंडित दीपक पांडे ने बताया कि हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष को देवउठनी एकादशी कहा जाता है। देवउठनी एकादशी पर चार माह की निद्रा के बाद भगवान विष्णु जागते हैं। भगवान विष्णु के निद्रा से उठने के बाद मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। वहीं बाबा श्री श्याम का प्रकटोत्सव भी देवउठनी एकादशी को आता है और तुलसी विवाह भी इसी दिन आता है। मान्यता है कि जो व्यक्ति इस दिन बाबा श्याम व माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु की सच्चे मन से उपासना करता है। उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता, अनिल गर्ग, महिंद्र गुप्ता, रामकरण गोयल, पवन गर्ग, हरीश गुप्ता व पवन गोयल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *