-निशान यात्रा में 1,111 श्याम भक्तों ने हाथों में उठाए श्याम चिन्ह, 501 महिलाओं ने रचाई श्याम नाम की मेंहदी
-भव्य निशान यात्रा, जयकारों से गूंज उठी धर्मनगरी
कुरुक्षेत्र, 7 नवंबर : श्री खाटू श्याम परिवार सेवा समिति (रजि.), कुरुक्षेत्र द्वारा गुरुवार को भव्य निशान-ध्वजायात्रा आयोजित की गई। विस्तृत जानकारी देते हुए श्री श्याम मंदिर (कुरुक्षेत्र धाम) के मुख्य पुजारी आचार्य शंभु प्रसाद और प्रधान सुभाष सुखीजा ने बताया कि श्री खाटू श्याम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित की गई इस भव्य निशान/ध्वजायात्रा में शामिल श्याम रथ पर श्याम जी का भव्य स्वरूप स्थापित किया गया। रथ के साथ साथ अलग-अलग बैंड एवं ढोल नगाड़ों की पार्टियां भजन कीर्तन करते चली और कतारबद्ध श्याम भक्तों ने खाटू श्याम जी के गगनभेदी जयकारे लगाए। यह निशान यात्रा श्री खाटू श्याम मन्दिर से चलकर भद्रकाली चौक से झांसा रोड, गुरु रविदास चौक, रोटरी चौक के रास्ते छोटा बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, सीकरी चौंक से पालिका बाजार और अंबेडकर चौक पहुंची। यहां से रेलवे रोड के रास्ते सैक्टर-17 मार्केट, शूरसैनी चौक, अहिल्या बाई चौक तक पहुंची। यहीं से यह यात्रा वापिस मीरी-पीरी चौक होते हुए आहलुवालिया चौक, कच्चा घेर, मेन बाज़ार और गौशाला बाज़ार होते हुए खाटू श्याम मंदिर पहुंची। जगह जगह शहर के चौक चौराहों पर शहरवासियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। थानेसर शहर में महिलाओं द्वारा पुष्पवर्षा करके श्याम आरती की गई। मंदिर समिति सदस्यों द्वारा प्रत्येक स्वागतकर्ता टीम को श्याम स्वरूप एवं अंगवस्त्र प्रदान किए गए। श्री खाटू श्याम जन्मोत्सव की श्रृंखला में ही बुधवार सायं मंदिर परिसर में 501 महिलाओं ने श्याम नाम की मेंहदी रचाई। वहीं, युवाओं ने श्याम जी के टैटू बनवाए। साथ ही महिला श्रद्धालुओं द्वारा डांडिया भी किया गया। देर रात्रि तक श्याम संकीर्तन किया गया जिसमें गायकों ने श्याम जी के मधुर भजन सुनाए। महिला व पुरुष सेवादारों की सभी टीमें प्रसाद की पैकिंग, पंडाल, दरबार सज्जा और अन्य सेवा कार्यों में लगी रही। मंदिर में भव्य आतिशबाजी भी हुई। गुरुवार को मंदिर में संपन्न हुई निशानयात्रा के पश्चात आरती हुई और विशाल भंडारा दिया गया। शोभायात्रा में प्रधान सुभाष सुखीजा,उप प्रधान एल डी कंबोज,सचिव अटल शर्मा,कोषाध्यक्ष राजेश मोदगिल,आशीष चोपड़ा, विनीत राजपाल, राजू छाबड़ा,अशोक शर्मा,राकेश चौहान,अशोक अरोड़ा,लवकेश शर्मा, विजय गुलाटी, डा.प्रवीण शर्मा,अनिरुद्ध,ललित अत्री,साहिल शर्मा,नरेश सैनी बिशनगढ़,सुरेंद्र काठपाल,शेर सिंह शेरा,कृष्ण कुमार, हिमांशु मल्होत्रा,अंशु,अनमोल,गौरव, शंटी,अंशुमान,सर्वेश,शुभम,कपिल सोनी और राजीव बारना सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रही।
शुक्रवार, 8 नवंबर को होगा विशाल श्याम जागरण
मंदिर परिसर में श्री खाटू श्याम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में विशाल श्री श्याम जागरण शुक्रवार 8 नवंबर को सायं 6 बजे से अर्धरात्रि तक चलेगा, जिसमें इंदौर(मध्यप्रदेश) से अधिष्ठा-अनुष्का,गुरुग्राम से नरेश सैनी,सोनीपत से श्रीभगवान दीक्षित और पिहोवा से बंटी पांचाल श्याम गुणगान करेंगे। कार्यक्रम में गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज मुख्य यजमान रहेंगे और गुरु ब्रह्मानंद आश्रम से साध्वी दर्शना देवी के आशीर्वचन होंगे। इसी के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्यातिथि और सांसद नवीन जिंदल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे जबकि अध्यक्षता पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा करेंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *