मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की शिरकत
प्रदेश सरकार पिछले 10 वर्षों से लगातार संस्कृति और परंपराओं का कर रही संरक्षण – नायब सिंह सैनी
डबल इंजन सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में उन्नति के पथ पर निरंतर अग्रसर – सीएम योगी आदित्यनाथ
कुरुक्षेत्र 28 अक्टूबर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा के प्रदेश सरकार पिछले 10 वर्षों से लगातार हरियाणा की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण कर रही है। हमें अपनी संस्कृति पर गर्व है। सनातन धर्म का संरक्षण करते हुए देश को आगे ले जाने का काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बना है, जिससे हमारे पूर्वजों के सपने भी साकार हुए हैं।
मुख्यमंत्री आज जिला कुरुक्षेत्र के पिहोवा में डेरा सिद्ध बाबा गरीब नाथ मठ सरस्वती तीर्थ द्वारा आयोजित आठमान, बत्तीस धुनी एवं शंखाढाल भंडारा के आयोजन पर संत सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हाल ही में आम चुनाव सम्पन्न हुए हैं और लोकतंत्र के इस महापर्व में प्रदेशवासियों ने राष्ट्र को आगे ले जाने में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में संत-महापुरुष सम्मान एवं प्रचार प्रसार योजना के तहत जितने भी संत-महापुरुषों की जयंतियां हैं, उन्हें राज्य स्तर पर मनाकर संतों का मान-सम्मान बढ़ाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बुजुर्गों को धार्मिक स्थलों की निशुल्क यात्रा भी करवाई जा रही है। भगवान श्रीकृष्ण की पवित्र भूमि जहां पर उन्होंने गीता का संदेश दिया था, उसको विकसित करते हुए 48 कोस की परिधि में जितने भी धार्मिक स्थल आते हैं, उनका जीर्णोद्धार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बीते दस वर्षों से लगातार संस्कृति का संरक्षण कर रही है। हमारी संस्कृति और संस्कारों का संरक्षण दुनिया के लोग करते है, हमारा देश सनातन देश रहा है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यहां पहुंचने पर प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश मे फैले हुए जंगल राज को खत्म करने का काम किया है। आज वहां पर हमारी बहनें सुरक्षित हैं तथा उत्तर प्रदेश की सरकार ने लोगों को सुरक्षा देने का काम किया है। उन्होंने इस मौके पर सभी को आगामी त्यौहार दीपावली व भैया दूज की भी बधाई दी।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपस्थित संतो व अन्य गणमान्य लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपनी विरासत का संरक्षण करते हुए 2047 तक भारत को विकसित बनाने के लिए मिलकर कार्य करना है। डबल इंजन की सरकार मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में उन्नति के पथ पर निरंतर अग्रसर हो रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों द्वारा हरियाणा में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनाने व मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने पर बधाई दी।
उन्होंने कहा कि समाज में अच्छे लोग चुनकर आते हैं तो उसके परिणाम भी अच्छे आते हैं और इसका साक्षात परिणाम हरियाणा की जनता ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री बनाकर दिया है। नि:स्वार्थ भाव से काम करके विकास के रास्ते प्रशस्त होते हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार केंद्र व अन्य राज्यों में समान रूप से विकास करके हर वर्ग के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म हमारा सबसे बड़ा धर्म है और इसमें हमें संतों का सानिध्य प्राप्त होता है। प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी तक महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा जिसमें हमें संतों का आर्शीवाद प्राप्त होगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्राचीन काल से ही संतो के सम्मेलन हो रहे हैं और संतो के सम्मेलन होने से हमें काफी लाभ मिलता है।
इससे पहले डेरा सिद्ध बाबा गरीब नाथ मठ के महंत पीर योगी श्री शेरनाथ जी ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया तथा शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। इस मौके पर भंडारे की चादर की रस्म अदायगी भी हुई। इसके बाद आए हुए अतिथियों ने सिद्ध बाबा गरीब नाथ मठ में माथा टेका। इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री हरियाणा सुभाष सुधा, राजस्थान से विधायक योगी पीर बालक नाथ जी महाराज, उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री सुरेश राणा, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, नगरपालिका प्रधान आशीष चक्रपाणि, वरिष्ठï भाजपा नेता जय भगवान शर्मा, उपायुक्त राजेश जोगपाल, पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, एसडीएम अमन कुमार, ब्राहण पंचायत पिहोवा के प्रधान विक्रम चक्रपाणि सहित प्रसिद्घ संत व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *