नगर निगम में 7 शिकायतों व बीडीपीओ कार्यालय में 1 शिकायत का किया गया निवारण

करनाल, 22 अक्तूबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आह्वान पर नगर निगम कार्यालय व बीडीपीओ कार्यालय में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 20 शिकायतें प्राप्त हुई, इनमें से 8 का मौके पर ही निवारण किया गया जबकि 12 शिकायतों को लंबित रखा गया है।

नगर निगम करनाल के कार्यालय में नगर निगम आयुक्त नीरज कादियान ने समाधान शिविर में समस्याओं को सुना। उनके समक्ष कुल 16 शिकायतें आई। 7 शिकायतों का मौके पर ही निवारण किया गया जबकि 9 शिकायतों को लंबित रखा गया है। उनका भी जल्द निवारण किया जाएगा।

नगर निगम आयुक्त नीरज कादियान ने बताया कि प्राप्त शिकायतों में से 10 शिकायतें सम्पत्ति कर शाखा, 2 भवन शाखा, 2 अभियांत्रिकी शाखा तथा 2 शिकायतें भूमि शाखा से सम्बंधित थी। यह शिकायतें प्रॉपर्टी आई.डी. में नाम, सम्पर्क नम्बर व क्षेत्र दुरूस्त करवाने, विकास शुल्क, सीवरेज तथा खाल में रास्ता लगाने बारे व लाल डोरा क्षेत्र में प्रॉपर्टी आई.डी. में एरिया ठीक करवाने बारे शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान मौके पर ही 7 शिकायतों का समाधान कर दिया गया था, परंतु दोपहर तक 2 अन्य शिकायतों का भी समाधान सम्बंधित शाखा द्वारा कर दिया गया। इस प्रकार कुल 9 शिकायतों का समाधान कर दिया गया, जिनमें सम्पत्ति कर शाखा की 7 तथा भवन व भूमि शाखा की 1-1 शिकायत का समाधान किया जाना शामिल हैं। वहीं बीडीपीओ कार्यालयों में भी कुल 4 शिकायतें प्राप्त हुई। इनमें से एक शिकायत का मौके पर समाधान किया गया जबकि 3 शिकायतें अभी लंबित है।

निगमायुक्त ने कहा कि निगम कार्यालय में प्रातः: 9 से 11 बजे तक समाधान शिविर लगाएं जाएंगे। अगर किसी नागरिक की नगर निगम से सम्बंधित शिकायत है, तो वह समाधान शिविर में आकर उसका हल करवा सकता है।

समाधान शिविर में अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, उप निगम आयुक्त अशोक कुमार, क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अंकुश पराशर, कर अधीक्षक गगनदीप सिंह, नायब तहसीलदार राम कुमार, कानूनगो सुरेश कुमार तथा सहायक मनोज मान मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *