विजय संकल्प यात्रा लेकर थानेसर पहुंचे राहुल गांधी ने की जनसभा, कांग्रेस के लिए मांगे वोट
युवा अर्जुन बनकर भाजपा के चक्रव्यूह को तोड़ेगा : राहुल गांधी
भाजपा ने किसान-जवान-पहलवान सभी का किया अपमान, चुनाव में बदला लेगा हरियाणा : प्रियंका गांधी
भारत जोड़ो यात्रा से राहुल गांधी ने भरी थी ऊर्जा, उनके चुनाव में आने से जागा नया जोश :  हुड्डा
भाजपा के पास ना कोई नीति और ना ही नेता, सत्ता से उखाड़ फेंकने का आ गया समय : सैलजा
डॉ. राजेश वधवा/कुरुक्षेत्र।
धर्मक्षेत्र थानेसर की धरती पर भाजपा को ललकारते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश का युवा अभिमन्यु की तरह मोदी और शाह के चक्रव्यूह में नहीं फंसेगा, बल्कि वो अर्जुन बनकर भाजपा के इस चक्रव्यूह को तोड़ेगा। भाजपा सरकार की वजह से आज देश में दो हिन्दुस्तान बन गए हैं। एक अदानी-अंबानी जैसे बड़े पूंजीपतियों का, जो सिर्फ 5 प्रतिशत लोगों के लिए है। तो दूसरी तरफ 95 प्रतिशत गरीब, मजदूर, किसान, दलित, पिछड़े वर्ग का हिन्दुस्तान। मोदी सरकार 95 प्रतिशत लोगों की जेब से पैसा खींचकर अपने चंद अरबपति दोस्तों की जेब में डाल रही है। अदानी की जेब में सुनामी की तरह धड़ाधड़ पैसा जा रहा है और गरीब की जेब से तूफान की तरह पैसा निकल रहा है। लोगों को दो हिन्दुस्तान नहीं बल्कि सबके साथ न्याय वाला एक हिन्दुस्तान चाहिए। इसलिए कांग्रेस सरकार अपनी कल्याणकारी नीतियों के जरिए 95 प्रतिशत वंचित वर्गों की जेब में पैसा डालती है ताकि अमीर-गरीब के बीच का अंतर खत्म हो सके।

यह बात लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने थानेसर में आयोजित जनसभा में कही। राहुल गांधी ने आज नारायणगढ़ से अपनी विजय संकल्प यात्रा की शुरुआत की और वे साढौरा, मुलाना, साहा, लाडवा होते हुए थानेसर पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान भी मौजूद रहे। मंच पर दिखी तमाम नेताओं की एकजुटता ने बीजेपी के पूरे एजेंडे को धराशाही कर दिया और कांग्रेस के सभी नेताओं ने पुरजोर तरीके से चुनाव मैदान में बीजेपी के खिलाफ ताल ठोकी।

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि महाभारत में हजारों लोग थे, लेकिन चक्रव्यूह छह लोगों ने मिलकर रचा था। वह भी कुछ-कुछ कमल की आकृति जैसा था। आज भी देश में छह लोग मोदी, अमित शाह, डोभाल, भागवत, अंबानी और अदानी चक्रव्यूह चलाते हैं। इसी चक्रव्यूह के तहत भाजपा सरकार अपनी नीतियां बनाकर देश का पैसा अंबानी-अदानी जैसे अरबपतियों की जेब में डालती है। वहीं, कांग्रेस चाहती है कि इस चक्रव्यूह को तोड़कर उतना ही पैसा कल्याणकारी योजनाओं के जरिये गरीब, किसान, मजदूर, दलित और पिछड़े वर्गों को भी दिया जाए। अगर मोदी सरकार बड़े पूंजीपतियों का 16 लाख करोड़ रुपए का कर्जा माफ कर सकती है तो गरीब, किसान का क्यों नहीं? यह अन्याय बर्दाश्त नहीं होगा। देश में दो तरह की नीतियां नहीं चल सकतीं। अब देश का युवा अभिमन्यु नहीं अर्जुन बनकर भाजपा के इस चक्रव्यूह को तोड़ेगा।
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा के 10 साल में हरियाणा से रोजगार खत्म हुआ है। 2 लाख पद खाली पड़े हैं और छोटे धंधे जीएसटी-नोटबंदी से पिटे पड़े हैं। युवा मजबूरी में खेत बेचकर और मोटे ब्याज पर 50 लाख रुपए तक लेकर जंगलों व समुद्र के रास्ते डंकी रूट से विदेश जा रहे हैं। किसानों की जमीनें विकास के नाम पर छीनी जा रही हैं। लेकिन पूंजीपतियों की जमीन कभी सरकार नहीं लेती। किसानों पर तीन काले कानून थोपे गए तो मजबूरन किसानों को सड़क पर उतरना पड़ा।
देशभक्ति की भावना लेकर किसान, मजदूर व मध्यम वर्ग के बच्चे फौजी बनकर बॉर्डर पर जाते थे। तो वहां भी भाजपा ने उन्हें ठगने का काम किया है और अग्निवीर के नाम पर मोदी ने फौजियों की पक्की नौकरी व पेंशन छीन ली।   इसीलिए कांग्रेस ने ऐसा मैनिफेस्टो बनाया है, जो बताता है कि बीजेपी सरकार द्वारा छीना गया रुपया वापिस जनता को कैसे दिया जाए। इसीलिए कांग्रेस सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 2 हजार रुपए और 500 रुपए में गैस सिलेंडर दिया जाएगा। 300 यूनिट बिजली मुफ्त होगी तो किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाएगी। 2 लाख पक्की भर्तियां निकालकर युवाओं को पक्की नौकरी दी जाएगी। गरीबों को 100-100 गज के प्लाट व मकान बनाने के लिए साढ़े 3 लाख रुपए दिए जाएंगे। 25 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त होगा। कांग्रेस सरकार बनते ही किसानों का धान का पैसा उनके खाते में डाला जाएगा।

उन्होंने कहा कि जाति जनगणना करवाकर हम यह देखना चाहते हैं कि किस जाति के कितने लोग हैं और उनको कितना हक मिल रहा है। आज देश को चलाने वाले 90 अफसरों में से केवल 3 ओबीसी हैं। बजट के 100 रुपए में से केवल 1 रुपया दलित अफसर के हाथ में है। 250 बड़ी कंपनियों में कोई दलित सीईओ नहीं है। ये सच्चाई जनता के सामने ना आ सके, इसलिए बीजेपी जाति जनगणना का विरोध कर रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि आज हरियाणा के छोटे दलों व निर्दलीय उम्मीदवारों का कंट्रोल बीजेपी के हाथ में है। इसलिए उनसे सावधान रहने की जरूरत है। चुनावी लड़ाई सीधे कांग्रेस और बीजेपी के बीच है। इसलिए अपना एक-एक कीमती वोट कांग्रेस के उम्मीदवारों को दें। हरियाणा में इस बार 36 बिरादरी की, सबके न्याय और हिस्सेदारी की सरकार बनने जा रही है।
अपने संबोधन में प्रियंका गांधी ने कहा कि कुरुक्षेत्र की इसी धरती से श्रीकृष्ण जी ने गीता में न्याय का उपदेश दिया। ये धरती हमेशा अन्याय के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देती है। मैं भी मौन साधना के लिए कुरुक्षेत्र आती थी।  हरियाणा के किसानों, जवानों और पहलवानों ने हर मोर्चे पर देश का मान-सम्मान बढ़ाया है। लेकिन भाजपा ने किसानों का निरादर करते हुए लाठियां बरसाईं। यहां तो हर जवान फौज में जाने के लिए बचपन से ही तैयार रहता है, लेकिन भाजपा ने अग्निवीर लाकर उनकी मेहनत व जज्बे का अपमान किया। शहीद होने पर भी उनके परिवार को कुछ नहीं मिलता। ओलंपिक में पदक जीतने वाले पहलवानों को भी इस भाजपा सरकार ने सड़कों पर घसीटने का काम किया। जब मैं पहलवानों के धरने पर गई थी तो विनेश ने उन्हें बताया था कि प्रधानमंत्री के पास उनसे मिलने के लिए पांच मिनट भी नहीं थे।
हरियाणा के युवा आज बेरोजगारी से अपमानित महसूस कर रहे हैं। दो लाख पद खाली पड़े हैं, लेकिन पेपर लीक होते हैं और भर्तियां सिरे नहीं चढ़ती। महंगाई की वजह से गरीब परिवारों को घबराहट होने लगी है। भाजपा के पास योजनाओं के नाम पर सिर्फ जुमले हैं। बीजेपी परिवार पहचान पत्र लेकर आई, लेकिन यह परिवार परेशानी पत्र बन गया है। आज प्रदेश में कांग्रेस की लहर है और इसे आगे बढ़ाकर भाजपा को जड़ से उखाड़ फेंकना है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा निकालकर सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं व हरियाणा की जनता में ऊर्जा भरने का काम किया था। एक बार फिर वे हरियाणा में यात्रा निकाल रहे हैं तो यह ऊर्जा कई गुना बढ़ रही है। भाजपा ने इसी धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में ही किसानों पर लाठियां भांजी थीं। अब कुरुक्षेत्र न्याय और अन्याय का फैसला करेगा। सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में भाजपा के पास ना तो कोई नीति है और न ही नेता। बीजेपी के तख्तापलट का समय आ गया है। कांग्रेस की सरकार न्याय की सरकार बनेगी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान ने राहुल गांधी व प्रियंका गांधी का हरियाणा आगमन पर स्वागत व धन्यवाद किया। उन्होंने आह्वान किया कि सभी कांग्रेसी एकजुट होकर इस तानाशाही भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकें।
थानेसर से प्रत्याशी अशोक अरोड़ा ने कहा कि पदयात्रा के बाद कांग्रेस की लहर बन गई है। राहुल गांधी ने संसद और सड़क पर जो संघर्ष किया है, वह हरियाणा में काम आएगा। लाडवा से कांग्रेस प्रत्याशी मेवा सिंह ने कहा कि बीजेपी ने हर वर्ग पर लाठियां बरसाने का काम किया है। रोजगार नहीं होने पर यहां के युवा डंकी रूट से विदेश जा रहे हैं। कांग्रेस सरकार बनने पर हर वर्ग को राहत देने का काम किया जाएगा। इस मौके पर पिहोवा से प्रत्याशी मनदीप चट्ठा, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, पूर्व विधायक लहरी सिंह भी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *