करनाल। करनाल विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सुमिता सिंह ने मंगलवार को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में नुक्कड़ सभाएं कर लोगों से अपील की कि हरियाणा की खुशहाली के लिए कांग्रेस की सरकार बनाएं। इसके अलावा दर्जनों कार्यक्रमों में लोगों ने सुमिता सिंह को वोट देकर विधायक बनाने का वादा किया। फूल मालाओं से सुमिता सिंह का जोरदार स्वागत किया गया। बुजुर्गों ने जहां आशीर्वाद दिया, वहीं महिलाओं ने कंधे से कंधा मिलाकर साथ चलने की बात कही। मंगलवार को पूर्व पार्षद यशपाल मित्तल अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हुए। जनसभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी सुमिता सिंह ने कहा कि हरियाणा की जनता ने यह निश्चय कर लिया है कि कांग्रेस की सरकार बनानी है और भाजपा को सत्ता से बाहर की राह दिखानी है। भाजपा के कुशासन से तंग जनता अब मुक्ति चाहती है। हरियाणा का प्रत्येक नागरिक और सभी वर्ग स्वयं को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। लोग कांग्रेस को सत्ता सौंपने के लिए उत्सुक हैं और पांच अक्तूबर का इंतजार कर रहे हैं। इस दिन कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर जनता अपनी यानि कांग्रेस की सरकार बनाएगी। सुमिता सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांगे्रस ने जब हरियाणा मांगे हिसाब कैंपेन शुरू किया तो भाजपा नेता चुप्पी साध गए, क्योंकि उनके पास कोई जवाब नहीं था। हरियाणा को पीछे धकेलने वाली भाजपा से अब जनता बदला लेगी। सुमिता सिंह ने कांग्रेस के संकल्प पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार बनते ही छह हजार रुपए पेंशन दी जाएगी। रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपए में उपलब्ध होगा। 300 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *