दिव्यांगजनों की जरूरतों को देखते हुए बना है सक्षम एप का इंटरफेस

करनाल, 4 सितंबर ।  उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सभी वर्गों की विधानसभा चुनाव में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों के अंतर्गत दिव्यांगजनों के लिए मताधिकार का प्रयोग सहज एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से सक्षम एप बनाया गया है। यह मोबाइल एप दिव्यांग व्यक्तियों की सुविधा को देखते हुए एक प्रकार से दिव्यांग मतदाताओं के लिए वरदान है।  दिव्यांगजन चुनाव से जुड़ी मतदाता केंद्रित विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाने के लिए इस एप का उपयोग कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि सक्षम एप के इंटरफ़ेस को उपयोगकर्ता के लिए अधिक अनुकूल बनाया गया है। सक्षम एप के माध्यम से दिव्यांग वोटर मतदाता सूची में अपना नाम चेक करने के अलावा पोलिंग बूथ की लोकेशन, बूथ तक आवागमन के लिए व्हीलचेयर के लिए अनुरोध कर सकता है। नये मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण करवा सकता है, वोटर कार्ड में सुधार, वोटर कार्ड को आधार से जुड़वाने या चुनावी प्रक्रिया से संबंधित अन्य प्रकार की सेवाओं के लिए अनुरोध कर सकता है। यहां तक चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार के बारे में जानकारी प्राप्त कर  सकता है। उन्होंने बताया कि सक्षम एप द्वारा दिव्यांग मतदाता मतदान को लेकर किसी भी प्रकार की समस्या के लिए संपर्क कर सकता है व शिकायत भी दर्ज कर सकता है। इसके अलावा चुनावों से संबंधित ज्ञानवर्धन के लिए काफी लेख भी सक्षम एप पर उपलब्ध हैं।

 बॉक्स:
सक्षम एप गूगल प्ले स्टोर से अपने एंड्रॉयड मोबाइल पर डाउनलोड करें। एप खुलते ही वोटर रजिस्ट्रेशन, पोलिंग बूथ पर सुविधाएं, वोटर कार्ड से संबंधित जानकारी और सूचना एवं शिकायत का ऑप्शन आएगा।  इसके उपरांत अन्य सुविधाओं के लिए एप का उपयोग किया जा सकता है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *