जिस पोर्टल से मजदूरों को घर बैठे लाभ मिल रहा, उस पोर्टल को खत्म करने की बात कर रहे हुड्डा : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

पोर्टल से भ्रष्टाचार खत्म हुआ, इसलिए कांग्रेस के पेट में दर्दः मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

कुरुक्षेत्र 24 अगस्त। धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र में भारतीय मजदूर संघ के स्थापना दिवस समारोह में शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्रमिकों का दिल जीत लिया। प्रदेश से हजारों की संख्या में कुरुक्षेत्र पहुंचे श्रमिकों ने एक स्वर में नारा दिया कि हम “तीसरी बार भाजपा“ की सरकार बनाएंगे। श्रमिकों से खचाखच भरे पंडाल को देखकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी गदगद हुए और कहा कि यहां उमड़ी कमेरे वर्ग की भीड़ को देखकर मुझे विश्वास हो गया है कि ये कमेरा वर्ग ही भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस को एक अक्टूबर को घर बैठाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि जिन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करके श्रमिकों, मजदूरों और मेरे कमेरा वर्ग को घर बैठे लाभ मिलता है, उनकी बेटियों की शादी के लिए कन्यादान मिलता है, औजारों के रुपये मिलते हैं, उसी श्रमिक हितैषी पोर्टल को बंद करने की बात भूपेंद्र सिंह हुड्डा बोल रहे हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा बोल रहे हैं कि कांग्रेस सरकार आने पर पोर्टल खत्म कर देंगे, हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) को खत्म कर देंगे। एचकेआरएन में लगे हुए एक लाख 20 हजार युवाओं की नौकरी हमने सुरक्षित की है, हुड्डा उस निगम को खत्म करके युवाओं को फिर बेरोजगार करने की बात कह रहे हैं। ये मजदूर और युवा ही भूपेंद्र सिंह हुड्डा को अक्टूबर में घर बैठाएंगे।
नायब सैनी ने हाथ जोड़कर सभी श्रमिकों का अभिनंदन किया और कहा कि किसी भी देश के आर्थिक विकास में श्रम सबसे महत्वपूर्ण होता है और भाजपा सरकार ने हमेशा श्रमिकों का सम्मान किया है। नायब सैनी ने भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दंतोपंथ थेंगड़े जी को भी नमन किया और कहा कि यह संगठन हमेशा देश हित के लिए काम करता है। सैनी ने कहा कि जो भी मांगें मजदूर नेताओं ने आज मंच से रखी हैं भाजपा सरकार आते ही उन्हें पूरा किया जाएगा। इस मौके पर सरकार में मंत्री सुभाष सुधा, भारतीय मजदूर संघ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री पवन कुमार, प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष छोटा गहलावत, हवा सिंह महला, देवीलाल, जितेंद्र वत्स, संदीप कुमार, हवा सिंह तंवर, सुशील राणा, राहुल राणा, रविंद्र सांगवान आदि मौजूद रहे।

सैलजा और रणदीप ही दे जवाब
भारतीय मजदूर संघ के स्थापना दिवस समारोह में शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि मैंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा से पांच सवाल किए थे, लेकिन उन्होंने अभी तक जवाब नहीं दिया। मैं आज कुमारी सैलजा और रणदीप सुरजेवाला से कहना चाहूंगा कि हुड्डा तो जवाब दे नहीं रहे, कम से कम आप दोनों ही जवाब दें। रणदीप सुरजेवाला तो खुद को बुद्धिजीवी मानते हैं, इसलिए उन्हें जवाब देना चाहिए। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पास अब कहने को कुछ नहीं है। लोकसभ चुनाव में भी ये झूठ फैला रहे थे और अब विधानसभ चुनाव में भी झूठ के बलबूते कुर्सी हथियाना चाहते हैं। इनके झूठ से जनता को सावधान रहना होगा।

ज्यादा मलाई हुड्डा खा गया, सैलजा-रणदीप के हिस्से कम आई
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी और अंदरूनी लड़ाई है। कुमारी सैलजा, रणदीप सुरजेवाला और हुड्डा लड़ते रहते हैं, लेकिन ये लड़ाई प्रदेश हित के लिए नहीं है। दरसअल ये लड़ाई मलाई खाने के लिए है। जब कांग्रेस सरकार थी तो ये तीनों सरकार का ही हिस्सा थे। कांग्रेस ने प्रदेश को जमकर लूटा और हुड्डा ने खूब मलाई खाई। इनमें लड़ाई ये है कि ज्यादा मलाई हुड्डा खा गया और सैलजा व रणदीप के हिस्से में कम मलाई आई। अब फिर कांग्रेस प्रदेश की जनता को लूटने की नीयत से मैदान में है।

अंग्रेजों के जमाने के कानून मोदी ने खत्म किए
भरतीय मजदूर संघ के स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने पहली बार, लंबे समय से चले आ रहे अंग्रेजों के कानूनों को समाप्त कर नए कानून बनाए गए हैं, जिनसे श्रमिकों को लाभ हुआ। स्वामी विवेकानंद कहते थे कि ‘श्रम ही जीवन है’, जिस समाज में श्रम का सम्मान नहीं होता, वह समाज नष्ट हो जाता है। श्रम की शक्ति से ही हरियाणा आज देश का सबसे तेजी से प्रगति करने वाला राज्य बना है, और इसका श्रेय सभी श्रमिक भाइयों को जाता है।

हमने मजदूरों को सुरक्षित किया
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश के श्रम विभाग ने 27 हजार कारखानों में लगभग 22 लाख श्रमिकों को पंजीकृत किया है। इसके अलावा, 4 लाख 50 हजार प्रतिष्ठानों में 33 लाख 58 हजार श्रमिक समूह पंजीकृत किए गए हैं। सरकार का ध्यान केवल संगठित क्षेत्र पर ही नहीं, बल्कि असंगठित क्षेत्र पर भी है। उन्होंने कहा कि राज्य में 25 प्रतिशत श्रमिक संगठित क्षेत्र में और 75 प्रतिशत असंगठित क्षेत्र में कार्यरत हैं। भाजपा सरकार ने श्रमिकों के कार्यस्थल पर सुरक्षा को मजबूत बनाया है, उनके लिए दुर्घटना बीमा की व्यवस्था की है, और उनके सामाजिक सरोकारों के लिए वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि उद्योगों में कार्यरत पंजीकृत श्रमिकों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के लाभ सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से दिए जा रहे हैं। श्रमिकों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए अंत्योदय सरल केंद्र, अत्यंत भवन, और राज्य के सीएससी सेंटर के माध्यम से पंजीकरण करवाना होता है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले दिनों, सरकार ने कंस्ट्रक्शन क्षेत्र के श्रमिकों के रुके हुए लाभों को जारी करने का निर्णय लिया। इनमें बेटियों की शादी, बच्चों की स्कॉलरशिप, श्रमिकों के औजारों के लिए लाभ, और शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बेटियों को सम्मानित करने जैसे लाभ शामिल थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जींद में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में 80 करोड़ रुपये की राशि सीधे श्रमिकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से पहुंचाई गई।

मानदेय बढ़ा रहे थे, आचार संहित लग गई
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि जब वह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा वर्कर्स के बीच मानदेय बढ़ाने की घोषणा कर रहे थे, उस समय आचार संहिता लागू हो गई थी। उन्होंने बताया कि कई समस्याएं और मांगें थीं, जिनका समाधान अभी पाइपलाइन में है, और सरकार लगातार इन पर काम कर रही है। नंबरदारों का मामला भी पाइप लाइन में है।  उन्होंने उदाहरण दिया कि तीज के पर्व के अवसर पर 50 लाख परिवारों की बहनों और माताओं को 500 में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है, जिसमें बाकी का खर्च हरियाणा सरकार वहन करेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने जनता के हित में कई निर्णय लिए हैं, जो श्रमिक भाइयों, कर्मचारियों और कंस्ट्रक्शन के श्रमिकों को लाभ पहुंचा रहे हैं।

रिक्शा चालक से लेकर हवाई जहाज चलाने वाला भी सदस्यः सुभाष सुधा
सरकार में मंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ का सदस्य आम रिक्शा चालक से लेकर हवाई जहाज चलाने तक हर पेशे में सक्रिय है। आज देश का सबसे मजबूत मजदूर संगठन भारतीय मजदूर संघ है। सुभाष सुधा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी फसलों को एमएसपी पर लेने का फैसला कर देश में एक नई शुरुआत की है। मुख्यमंत्री ने मजदूर संघ और उसके सदस्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई और उन्हें बताया कि सरकार मजदूर संघ को मजबूत करने का काम कर रही है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार की इस दिशा में काम कर रही है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *