नीलोखेड़ी/करनाल, 23 अगस्त।   चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत विस्तार शिक्षा संस्थान नीलोखेड़ी में विस्तार सेवाओं हेतु प्रेरणा एवं निर्णय कौशल विषय पर चल रहे चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता संस्थान के क्षेत्रीय निदेशक डा. संजय कुमार ने की। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि विस्तार अधिकारियों को किसानों तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने एवं नई-नई तकनीकों को किसानों को सिखाने के लिए प्रेरित रहने की जरूरत है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि एक प्रेरित व्यक्ति बड़े-बड़े कार्यों को बहुत अच्छे तरीके से कर सकता है।

डॉ. कुमार ने बताया कि यह संस्थान वाईस-चांसलर प्रोफेसर बी. आर. कांबोज, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के नेतृत्व में उत्तर भारत के राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के कृषि, उद्यान, पशु-पालन, मत्स्य पालन, वानिकी, महिला एवं बाल विकास इत्यादि विभागों के विस्तार अधिकारियों को प्रशिक्षण देने का काम कर रहा है। उन्होंने वित्तीय सहयोग देने के लिए विस्तार निदेशालय, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की सराहना की। उन्होंने विश्वविद्यालय के विस्तार शिक्षा निदेशक डा. बलवान सिंह मंडल का भी धन्यवाद किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के बारे में अपना फीडबैक देते हुए संस्थान के मानव संसाधन एवं सुविधाओं की प्रशंसा की।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में हरियाणा, पंजाब, झारखंड, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के विस्तार अधिकारियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण में विभिन्न संस्थानों से व्याख्यानों के लिए विशेषज्ञों को भी आमंत्रित किया गया था जिन्होंने प्रशिक्षण प्रबंधन एवं मानव संसाधन विकास संबधी व्याख्यान दिए। प्रशिक्षण के दौरान विस्तार अधिकारियों को उप उष्णकटिबंधीय फल केंद्र लाडवा का भ्रमण करवाया गया। समापन कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस दौरान संस्थान के सभी कर्मचारी एवं प्रतिभागी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *