कुरुक्षेत्र अनाज मंडी में आज मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, मुख्यमंत्री नायब सिंह होंगे मुख्य अतिथि, स्मृति दिवस की तैयारियां पूरी, कुरुक्षेत्र में पंडाल नजर आएगा तिरंगे के रंग में

कुरुक्षेत्र 13 अगस्त हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा थानेसर अनाज मंडी में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का ऐतिहासिक और यादगार आयोजन 14 अगस्त को होने जा रहा है। इस स्मृति दिवस पर 1947 भारत-पाक बंटवारे के दर्दनाक लम्हों को स्मरण किया जाएगा। इस स्मृति दिवस पर लगभग 10 लाख लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी और मुख्यमंत्री नायब सिंह स्वयं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस में बतौर मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत करने के लिए पहुंचेंगे।
राज्यमंत्री सुभाष सुधा मंगलवार को नई अनाज मंडी में कार्यक्रम स्थल पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की थानेसर अनाज मंडी में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग तथा पंचनद स्मारक ट्रस्ट के तत्वाधान में कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस कार्यक्रम में पंडाल को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के रंग में रंगे कपड़े के साथ सजाया गया है। इतना ही नहीं थानेसर अनाज मंडी के प्रवेश द्वारों से लेकर कार्यक्रम स्थल तक हवा में लहराते और वीरों की कहानी को ब्यां करते राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को देखा जा सकता है। इसके अलावा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में चहुंमुखी विकास के पथ पर है और थानेसर में विकास कार्य पूरी प्रगति पर है। इसके बाद राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने मुख्य मंच, वीआईपी गैलरी, पांडाल, पार्किंग, प्रदर्शनी स्थल, लंगर स्थल सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जायजा लिया। राज्यमंत्री कहा कि थानेसर अनाज मंडी में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देश-प्रदेश से लोग बड़ी संख्या में पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम में लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तमाम प्रबंध किए जाएंगे और आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इस विभाजन विभीषिका दिवस पर एक विशाल प्रदर्शनी लगाई जाएगी और एक डाक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई जाएगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *