1.80 लाख से कम आय वाले परिवार ले सकते हैं योजना का लाभ
करनाल, 4 जुलाई।
 उपायुक्त उत्तम सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत प्रदेश के ऐसे परिवार जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपए से कम है, वे इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि योजना के तहत सोलर पैनल लगाने का कुल खर्च 1 लाख 10 हजार रुपए है, जिसमें से 60 हजार रुपए की राशि केंद्र सरकार द्वारा और 50 हजार रुपए की राशि हरियाणा सरकार द्वारा वहन की जाएगी। इस योजना का लाभ लेने से बिजली बिल जीरो हो जाएगा और जो अतिरिक्त बिजली बचेगी, उस बिजली को भी सरकार खरीदेगी, जिससे आम नागरिकों की अतिरिक्त आय होगी। साथ ही इस योजना से सौर ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे पर्यावरण प्रदूषण कम होगा और स्वच्छ ऊर्जा के स्रोतों को अपनाने में मदद मिलेगी।
उपायुक्त ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना केंद्र सरकार की एक बेहतरीन योजना है, जिसके द्वारा समाज की गरीब वर्ग की ऊर्जा संबंधित जरूरतों को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना से गरीब परिवारों का ऊर्जा खर्च लगभग शून्य हो जाएगा। अगर खपत से ज्यादा बिजली का उत्पादन सोलर पैनल द्वारा किया जाता है तो वह बिजली के खाते में जाएगा जिसका भुगतान सरकार द्वारा उक्त मकान मालिक को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के सशक्तिकरण में लाभकारी होगी। योजना के तहत गरीब परिवारों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार होगा और वे आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *