कुरुक्षेत्र 23 जून चौधरी चरण सिंह हरियाणा विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्र कुरुक्षेत्र द्वारा 31वीं वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन केंद्र के परिसर में किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के विस्तार शिक्षा निदेशक एवं रजिस्ट्रार डॉ. बलवान सिंह मंडल ने की। विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय अनुसन्धान संस्थान करनाल के क्षेत्रीय निदेशक डॉ राजबीर गर्ग ने फूलों के गुलदस्ते के साथ मुख्य अतिथि डॉ. बलवान सिंह मंडल का स्वागत किया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा पिछले वर्ष किये गये कार्यकलापों तथा गतिविधियों का ब्यौरा देना तथा आगामी वर्ष में किये जाने वाले कार्यों के बारे में जानकारी देना है। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों कृषि एवं कल्याण विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग तथा पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारियों ने शिरकत की। जिले के 4 प्रगतिशील किसानों ने भी बैठक में भाग लिया। बैठक का प्रारम्भ करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र के समन्वयक एवं जिला विस्तार विशेषज्ञ (कृषि वानिकी) डॉ मनोज कुमार ने वर्ष 2023 -24 की प्रगति रिपोर्ट तथा 2024-25 की वार्षिक कार्य योजना की प्रस्तुति की। केंद्र के सभी वैज्ञानिकों डॉ मनोज कुमार, डॉ फतेह सिंह, डॉ ललिता, डॉ सरिता रानी तथा डॉ कविता ने अपनी अपनी प्रगति रिपोर्ट तथा आगामी कार्य योजना प्रस्तुत की। अधिकारियों ने इन प्रस्तुतियों पर अपने विचार व सुझाव सांझा किये।
बैठक के मुख्य अतिथि डॉ बलवान सिंह मंडल ने कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के कार्यों की सराहना करते हुए अपने विचार रखे। उन्होंने सभी अधिकारियों को किसानों के हित में मिलकर काम करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने घटते भू जल स्तर, मौसम परिवर्तन तथा वातावरण से जुड़ी समस्याओं के बारे में चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि केवीके तथा अन्य सभी विभागों को एकजुट होकर इन सभी समस्याओं का समाधान निकालना है ताकि भविष्य के लिए हम अपने प्राकृतिक संसाधनों की धरोहर को संजोकर रख सकें। उन्होंने केवीके की मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला को शीघ्र सुचारू करने, धान की सीधी बिजाई तथा छोटे-छोटे कृषि कार्यों को बड़े व्यवसायों में बदलकर किसानो की आय बढ़ाने की बात पर भी जोर दिया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *