तीर्थ यात्रा में 38 श्रद्धालु हैं शामिल

अम्बाला, 17 जून- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह ने सोमवार को मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत अम्बाला जिला से अयोध्या धाम के लिए एसी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस बस में 38 तीर्थ यात्री सवार थे, जो अयोध्या जाएंगे और श्री राम मंदिर के दर्शन करेंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री राम के दर्शनों के लिए मां अम्बा की पवित्र भूमि से जत्था रवाना किया है। एक लम्बे समय बाद अयोध्या में भगवान श्री राम का दिव्य और भव्य मंदिर बना है जो हमारे लिए सौभाग्य की बात है। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के जरिए प्रदेश के लाखों श्रद्धालु नि:शुल्क रूप से देश के महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों के दर्शन करेंगे। इसके लिए प्रदेशभर से अब तक 7 एसी वोल्वो बसे प्रदेश सरकार की तरफ से रवाना की जा चुकी है और सैंकड़ों यात्री अयोध्या सहित अन्य तीर्थ स्थलों का भ्रमण कर चुके है। इस अनोखी योजना से श्रद्धालुओं की आस्था को भी सम्मान मिल रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अयोध्या धाम जा रहे श्रद्धालुओं से बातचीत की और उन्हें शुभकामनाएं दी।

पुलिस डीएवी स्कूल के प्रांगण से दिखाई हरी झंडी
पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल, अम्बाला शहर के प्रांगण से सूचना, जन सम्पर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत एसी वोल्वो बस को हरी झंडी देने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर परिवहन मंत्री असीम गोयल, सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक मंदीप सिंह बराड़, उपायुक्त डॉ. शालीन, एसपी जश्न दीप सिंह रंधावा, संयुक्त निदेशक गौरव गुप्ता, जिला परिषद चेयरमैन राजेश लाडी, भाजपा जिला प्रधान मनदीप राणा, जिला महामंत्री विवेक गुप्ता, कर्म सिंह, रितेश गोयल के अलावा भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इस दौरान श्रद्धालुओं को सूचना, लोक सम्पर्क, भाषा तथा संस्कृति विभाग की ओर से एक-एक किट बैग भी उपलब्ध करवाया गया।

निरंतर भेजे जा रहे श्रद्धालु
बता दें कि हरियाणा सरकार ने श्रद्धालुओं को निशुल्क तीर्थ यात्रा करवाने के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के अंतर्गत धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाई जा रही है। योजना का लाभ लेने के लिए आयु 60 वर्ष से अधिक होनी चाहिए और परिवार की आय 1 लाख 80 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। ऐसे श्रद्धालुओं को मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के पोर्टल पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। अभी तक अनेक लाभार्थी इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *