हरियाणा के पूर्व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा अम्बाला कैंट के विधायक अनिल विज के साथ मंत्री कमल गुप्ता ने किया सिविल एन्क्लेव स्थल का दौरा
जल्द से जल्द काम पूरा करने के दिए निर्देश
अम्बाला, 13 जून-
 हरियाणा के नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ कमल गुप्ता ने कहा कि अम्बाला के सिविल एन्क्लेव (घरेलू हवाई अड्डा) से जल्द ही फ्लाईट शुरू होंगी। इसके लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। मंत्री डॉ. कमल गुप्ता गुरुवार को अम्बाला सिविल एन्क्लेव के निर्माणाधीन स्थल पर पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ हरियाणा के पूर्व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा अम्बाला कैंट के विधायक अनिल विज भी साथ थे।

इस दौरान मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने निर्माणाधीन स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पीडब्लूडी विभाग और संबंधित ठेकेदार को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य को लक्ष्य लेकर जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि अम्बाला कैंट के विधायक अनिल विज की देखरेख में तेजी से सिविल एन्क्लेव का काम आगे बढ़ रहा है। अब नागरिक उड्डयन मंत्रालय मेरे पास आया है तो हमारा यह प्रयास है कि आने वाले कुछ महीनों में ही अम्बाला के इस अड्डे से फ्लाईट शुरू हो जाएं। हमें उम्मीद है कि 15 जुलाई तक इस सिविल एन्क्लेव के भवन का काम पूरा हो जाएगा। अगर इस तय समय पर निर्माण कार्य पूरा हुआ तो अगस्त महीने में यहां से फ्लाईट उडऩे लगेंगी।

मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि विगत दस वर्षों से राज्य सरकार के प्रयासों के फलस्वरूप अम्बाला के लोगों का अपना एयरपोर्ट का सपना साकार होगा। उन्होंने पूर्व मंत्री अनिल विज और एडीसी अपराजिता से अम्बाला सिविल एन्क्लेव को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अम्बाला में स्थित एयर फोर्स स्टेशन पर जाकर वायुसेना के अधिकारियों से वायुसेना के साथ हुए समझौते पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि वायुसेना भी अपनी सभी औपचारिकताएं पूरी करके इस हवाई अड्डे के लिए एनओसी दे।

इस मौके पर एसडीएम सतेंद्र सिवाच, नागरिक उड्डयन विभाग तथा एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी व जिलास्तर के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *