अतिरिक्त उपायुक्त ने ली जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक
करनाल, 6 जून। अतिरिक्त उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक का आयोजन किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठक में जिला के सभी बैंकों की उपलब्धियों की समीक्षा की व आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने सभी बैंकों को निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अन्त्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत प्राप्त सभी पेंडिंग प्रार्थना पत्रों का निपटान अति शीघ्र करें और पोर्टल पर अपडेट करवाएं। उन्होंने डीसीओ को निर्देश दिए कि वह अपने अधीन समस्त बैंक शाखाओं को निर्देश देकर प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना के तहत प्राप्त सभी पेंडिंग प्रार्थना पत्रों का निपटान अतिशीघ्र करवाएं और पोर्टल पर अपडेट करवाएं। पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री द्वारा चलाई गई एक ऐसी योजना है जिसका उद्देश्य रेहड़ी, ठेले वालों को 10 हजार से 50 हजार रुपए तक का ऋण दिया जाता है। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि प्रधान मंत्री विश्वकर्मा पोर्टल पर आये लाभार्थियों के प्रार्थना पत्रों को जल्द वेरीफाई करवाएं।
अग्रणी जिला प्रबंधक सुशील कुमार हन्दुजा ने बैठक में सभी बैंक अधिकारियों को सुझाव देते हुए कहा कि बिना वजह ऋण आवेदन पत्र को लंबित न करें, इससे बैंक की छवि खराब होती है। उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों व शाखा प्रबंधको को कहा कि सोशल सिक्योरिटी के तहत ज्यादा से ज्यादा लोगों को पंजीकृत किया जाये जिससे कि उनको इसका लाभ मिल सके। पहले भी सभी डीसीओ को निर्देश दिया गया है कि वह सभी अपने बैंकों का शत प्रतिशत डिजिटलाइजेशन करना सुनिश्चित करें। जिला करनाल को 100 प्रतिशत डिजिटलाइज्ड करने कि सरकार द्वारा घोषणा की जा चुकी है। अब एक जून से सोशल सिक्योरिटी स्कीम के तहत लोगों को सोशल सिक्योरिटी स्कीम और जीवन ज्योति बीमा के तहत रजिस्टर करें, साथ ही अटल पेंशन योजना में भी एनरोल किया जाए । उन्होंने सभी डीसीओ से अनुरोध करते हुए कहा कि वह सभी अपने बैंक की शाखाओं द्वारा ग्राहकों को नकदी रहित करने के लिए विभिन्न कैम्पों के माध्यम से जागरूक करें।
बैठक में भारतीय रिज़र्व बैंक के प्रतिनिधि एलडीओ कँवल किशन और डीडीएम नाबार्ड से हिमांशु खत्री सहित विभिन्न बैंकों से आये हुए डीसीओ एवं सरकारी विभाग के नोडल अधिकारी भी उपस्थित रहे।
