पद्मश्री महावीर सिंह गुड्डू का सम्मान हरियाणा के समस्त कलाकारों का सम्मान है। नागेंद्र शर्मा
———
कुरुक्षेत्र 17 मई। हरियाणा प्रदेश में कला के क्षेत्र में पहला पद्मश्री पुरस्कार आना समस्त कलाकारों के लिए गौरव की बात है। लोक कलाकार महावीर गुड्डू का सम्मान हरियाणा के सभी कलाकारों का सम्मान है। महावीर गुड्डू की कला के प्रति तपस्या और समर्पण के कारण उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा जाना युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी रहेगा। ये कहना था हरियाणा कला परिषद के निदेशक नागेंद्र शर्मा का। ये शब्द उन्होंने गत दिवस कला कीर्ति भवन में पद्मश्री महावीर गुड्डू के आगमन पर पुष्पगुच्छ के साथ महावीर गुड्डू का स्वागत करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि महावीर गुड्डू बाल्यकाल से ही कलाजगत से जुड़े हैं तथा कला के प्रति कठोर साधना के परिणाम में ही उन्हें पद्मश्री अवार्ड से नवाजा गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पद्मश्री पुरस्कार हासिल करने वाले हरियाणा कला परिषद के पूर्व अतिरिक्त निदेशक महावीर गुड्डू गांव गांगोली में एक सामान्य परिवार में जन्मे और शिक्षा-दीक्षा के बाद वे प्राध्यापक बने। 1972 में उन्होंने हरियाणवीं कला के क्षेत्र में अपना पहला कदम रखा था। हालांकि उनका परिवार कला व संस्कृति के क्षेत्र में नहीं रहा है, लेकिन उन्होंने हरियाणवीं संस्कृति को अंगीकार करते हुए कला के क्षेत्र में कदम रखा और निरंतर अपनी कला-साधना से एक विशेष पहचान बनाई। भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विश्व के कईं देशों में हरियाणवीं संस्कृति की अमिट छाप छोड़ने वाले लोक कलाकार महावीर गुड्डू जमीन से जु़ड़े कलाकार हैं। पद्मश्री पुरस्कार से पूर्व महावीर गुड्डू पंडित लखमीचंद राज्य पुरस्कार, हरियाणा कला रत्न अवॉर्ड, पंडित लखमीचंद शिक्षा एवं संस्कृति पुरस्कार के साथ-साथ संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किए जा चुके हैं। इसके अलावा वे लंदन इंडियन हाई कमीशन, हाउस ऑफ लॉर्ड, अमेरिका व नार्वे में भी पुरस्कृत हो चुके हैं। इतना ही नहीं कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी ने उन्हें पीएचडी की मानद उपाधि से नवाजा है। नागेंद्र शर्मा ने बताया कि हरियाणा कला परिषद के हिसार मण्डल में अतिरिक्त निदेशक के पद पर रहते हुए भी महावीर गुड्डू ने निरंतर कलाकारों को मंच देकर कला की सेवा में भरपूर योगदान दिया। हरियाणवी संस्कृति को बचाने के प्रयास में महावीर गुड्डू अपने दैनिक जीवन में हरियाणवी परिधान धारण करते हैं, जो कि युवा पीढ़ी के लिए एक मिसाल का कार्य करते हैं। इस अवसर पर हरियाणा कला परिषद के कार्यालय प्रभारी धर्मपाल, ललित कला समन्वयक सीमा काम्बोज, नीजी सहायक विशाल चोपड़ा, विकास शर्मा, सपना, देवीदत्त, राजेश कुमार, सहित कला परिषद के समस्त कर्मचारियों ने भी महावीर गुड्डू को बधाई दी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *