इंडिया गठबंधन के तहत लोकसभा प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता के थानेसर के गांवों और वार्डों में दौरे

प्रधानमंत्री मोदी नहीं, धार्मिक और सामाजिक व्यक्ति डॉ. सुशील गुप्ता है जनता के वोट के हकदार : अशोक अरोड़ा

कुरुक्षेत्र, 25 अप्रैल

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने थानेसर विधानसभा के गांव एवं कॉलोनी में चुनावी यात्रा शुरू की। उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पर्व मंत्री अशोक अरोड़ा मौजूद रहे। इस मौके पर दिनेश शर्मा, लक्ष्मीकांत शर्मा, सुभाष पाली, विशाल खुब्बड़, मनु जैन, यशपाल शर्मा, दया नारायण कौशिक भी मौजूद रहे। इसके बाद आजाद नगर स्थित अपने निवास स्थान पर समर्थकों के साथ बैठक की। डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा लोग सोच रहे हैं कि एक दूसरे का विरोध करने वाली कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का गठबंधन कैसे हुआ। यह गठबंधन भारत का संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए बना है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन बना है तब से भाजपा को इंडिया शब्द से डर लगने लगा है और स्टार्ट अप इंडिया, मेक इन इंडिया, खेलो इंडिया का नारा देने वाली भाजपा हर जगह से इंडिया शब्द को हटाने पर लगी हुई है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने गठबंधन तोड़ने के लिए दो सिटिंग मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार किया। इतिहास में पहले कभी ऐसा नहीं हुआ की सिटिंग मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार किया गया हो। भाजपा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया जो जनता को अच्छे स्कूल, अच्छे अस्पताल, बिजली, पानी, महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा देता है और इसके अलावा 1000 रुपए अलग से देता है।  इसके बावजूद सरकार को मुनाफे में चला रहे हैं। क्योंकि दिल्ली के लोगों ने ईमानदार सरकार को चुना है। भाजपा ने उनको इसलिए गिरफ्तार कर लिया ताकि बाकी राज्यों में भी ये सुविधाएं न मांगी जाएं। भाजपा ने झारखंड के मुख्यमंत्री को इसलिए गिरफ्तार किया क्योंकि वो आदिवासी और पिछड़ी जाति से हैं। लेकिन इन्होंने कहा कि न बिकेंगे न टूटेंगे और न झुकेंगे, गठबंधन का हिस्सा रहेंगे। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि तुम मुझे गिरफ्तार कर सकते हो लेकिन मेरी सोच को नहीं। भाजपा ने देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस के चलते चुनाव में बैंक खाते सीज कर दिए।

उन्होंने कहा निष्पक्ष चुनाव के लिए सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दिया कि चुनाव आयोग की नियुक्ति के लिए पैनल में प्रधानमंत्री, विपक्ष का नेता और मुख्य न्यायधीश होंगे। लेकिन मोदी सरकार ने इस फैसले को पलट दिया। भाजपा ने चुनाव की घोषणा से एक सप्ताह पहले मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा ले लिया और अपनी मर्जी से दूसरा नियुक्त कर दिया। ये सरासर लोकतंत्र की हत्या है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश के 750 किसानों की शहादत ली, देश में प्रतिदिन महिलाओं के साथ दुष्कर्म के मामले सामने आ रहे हैं, देश का नाम रोशन करने वाली पहलवान बेटियों को सड़कों पर घसीटा गया, पिछले सप्ताह पुलिस कस्टडी में महिला के साथ दुष्कर्म किया गया और पटवारी, सरपंचों व क्लर्कों पर लाठियां बरसाई। इसलिए आज हर व्यक्ति बदलाव चाहता है। भाजपा 10 साल से शासन में है लेकिन 10 काम नहीं गिना सकती जिस आधार पर वोट मांगे। भाजपा केवल जाति और धर्म की राजनीति करती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव से पहले प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री बदला, लेकिन जनता सरकार बदलना चाहती है। 10 साल शासन में रहने के बावजूद भी भाजपा के पास कुरुक्षेत्र में उम्मीदवार नहीं था। इसलिए नवीन जिंदल को डरा धमकाकर कांग्रेस से लेकर आए। भाजपा उस उम्मीदवार को लेकर आई जिस पर प्रधानमंत्री मोदी ने 1 लाख 86 हजार करोड़ के कोयला घोटाले का आरोप लगाया था। नवीन जिंदल ने इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से भाजपा को 196 करोड़ रुपए का चंदा दिया। अब नवीन जिंदल भाजपा में जाने के बाद दूध के धुले हो गए। भाजपा में भ्रष्टाचार कूट कूट कर भरा है।

उन्होंने कहा कि नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र से 10 साल सांसद रहे, इसके बावजूद पिछ्ले 10 साल कुरुक्षेत्र की जनता के सुख दुख में कभी शामिल नहीं हुए। मैं वादा करता हूं कि कुरुक्षेत्र की जनता के बीच रहूंगा और मजबूती से क्षेत्र की आवाज संसद में रखूंगा। कुरुक्षेत्र बहुत बड़ा धार्मिक स्थल बन सकता है, जहां पूरी दुनिया के लोग आएंगे और कुरुक्षेत्र का जीवन स्तर ऊंचा उठेगा। परंतु भाजपा ने कभी इस बारे में नहीं सोचा। हम सब मिलकर कुरुक्षेत्र का विकास करेंगे।

अशोक अरोड़ा ने कहा कि आज हम इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार डॉ. सुशील गुप्ता के लिए जनता का सहयोग व समर्थन मांगने आए हैं। इस बार का चुनाव सरकार बदलने के साथ साथ देश के संविधान को बचाने का चुनाव है। इस देश की आजादी के लिए  लाखों लोगों ने अपनी कुर्बानियों दी हैं। उस समय देश को चलाने के लिए संविधान बनाया गया। जिसमें बाबा साहेब डॉ. भीम राव अंबेडकर ने सबको समान अधिकार के साथ वोट डालने का अधिकार दिया। आज वही अधिकार भाजपा सरकार हमसे छीनना चाहती है। जो भाजपा के खिलाफ बोलता है तो उसको जेल में डाल दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि पिछ्ले 10 साल से भाजपा सरकार में है, लेकिन अब ये 2 करोड़ रोजगार की बात पर वोट क्यों नहीं मांगते। आज हमारे बच्चे बेरोजगारी के कारण विदेशों की ओर जा रहे हैं। लेकिन इस पर भाजपा चर्चा नहीं करती।  भाजपा के लोग सिर पर नकली सिलेंडर उठाकर प्रदर्शन करते थे की कांग्रेस 400 रुपए में सिलेंडर देती है हम 200 रुपए में देंगे। लेकिन आज सिलेंडर की कीमत पूरे देश और प्रदेश को पता है। भाजपा के पास दिखाने के लिए काम नहीं है तो वोट के लिए केवल जाति और धर्म की बात करती है। जनता की वोट का हकदार नरेंद्र मोदी नहीं, धार्मिक और सामाजिक व्यक्ति इंडिया गठबंधन का उम्मीदवार डॉ. सुशील गुप्ता है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *