“इंडिया” गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता के थानेसर के गांवों और वार्डों में बैठक

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा भी साथ रहे

 

कुरुक्षेत्र, 30 मार्च

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने शनिवार को थानेसर विधानसभा के गांव एवं वार्ड में चुनावी यात्रा शुरू की। उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा मौजूद रहे।
इस दौरान जजपा के प्रदेश महासचिव विक्रम अहलावत, डॉ. दिलबाग सिंह, धर्मबीर मलिक, बलदेव सिंह जजपा छोड़कर अपने सैकडों समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। इस मौके पर सुमित हिंदुस्तानी, विशाल खुब्बर, हेडमास्टर अमर सिंह, निर्मल सिंह, चंद्रभान वाल्मीकि, मेहर सिंह, सतीश, शैंकी, सुभाष और पुरन सिंह मौजुद रहे। उन्होंने अपनी चुनावी यात्रा गांव खेड़ी ब्राह्मण से शुरू की। इसके बाद वे गांवआलमपुर में लोगों से मिले। वहां से सुनेहेड़ी में ग्रामीणों से रूबरू हुए। इसके बाद सलारपुर गांव में पहुंचे। यहां से गांव ईसाकपुर, बीड अमीन, तिगरी, कंवारखेड़ी, किरमच, गांव हथीरा, झिंझरपुर, घराडसी, पिंडारसी और गांव बारना में लोगों को संबोधित किया और आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों और महिलाओं का आशीर्वाद लिया और “इंडिया” गठबंधन को भारी बहुमत से जिताने की अपील की। यात्रा का समापन देर शाम थानेसर के चनार थल कॉलोनी में हुआ।

डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि आजादी की लड़ाई लड़ने के लिए एक साथ मिलकर जाने न कितने लोगों ने कुर्बानी दी, ठीक उसी प्रकार लोकतंत्र और देश को बचाने के लिए सभी दल एक साथ आए हैं। पीएम मोदी ने लोकतंत्र खत्म करने की ठान रखी है, ईडी सीबीआई का गलत इस्तेमाल, लोगों की अभिव्यक्ति पर रोक और हर व्यक्ति को डर के साए में जीने को कर रखा है। लेकिन अब भाजपा के दिन जा चुके हैं। क्योंकि लोकतंत्र को बचाने के लिए ही इंडिया गठबंधन बना है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए तीन लोगों का पैनल बनाया।  जिसमें प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायधीश का नाम था। लेकिन भाजपा ने संख्या के बल पर उस फैसले को पलट दिया और कानून बनाया कि चुनाव आयुक्त की प्रधानमंत्री, एक उनका मंत्री और नेता प्रतिपक्ष करेगा। यानी कि दो तिहाई बहुमत भाजपा का होगा और एक तिहाई विपक्ष का।

उन्होंने कहा कि कोई पार्टी और चुनाव महत्वपूर्ण नहीं है, इस समय देश और लोकतंत्र सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। जिसको बचाने के लिए इंडिया गठबंधन बना है। जब से इंडिया गठबंधन बना है तब से भाजपा में हड़कंप मचा हुआ है, क्योंकि इस बार पीएम मोदी की विदाई तय है। जब इस विदाई तय की बात आई तो इन्होंने अरविंद केजरीवाल को ईडी के नोटिस भेजने शुरू कर दिए, ताकि गठबंधन टूट जाए। अब उन्हें गिरफ्तार कर लिया है लेकिन अरविंद केजरीवाल ने कहा जेल से सरकार चला लेंगे लेकिन इंडिया गठबंधन नहीं तोड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि बीजेपी का कुरुक्षेत्र से एक डरा हुआ प्रत्याशी चुनाव लड़ रहा है। बीजेपी को कोई प्रत्याशी नहीं मिला तो नवीन जिंदल को ईडी का डर दिखा कर उम्मीदवार बना दिया। जिस व्यक्ति को खुद बीजेपी ने कुरूक्षेत्र की धरती पर कोयला चोर कहा, उसे ही कुरुक्षेत्र से बीजेपी का प्रत्याशी बना दिया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपनी आवाज नहीं उठा सकता वो कुरुक्षेत्र की जनता की आवाज क्या उठाएगा। आज कुरुक्षेत्र की जनता को मजबूर उम्मीदवार नहीं मजबूत उम्मीदवार की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि यदि देश का प्रधानमंत्री झूठ बोल तो जनता किस पर विश्वास करे। ये वही प्रधानमंत्री मोदी है जिसने हर खाते में 15 लाख रुपए, किसानों को एमएसपी देने का वादा किया था और 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के सभी वादे जुमला निकले। उन्होंने कहा कि भाजपा की तानाशाह सरकार किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े रही है और किसानों पर गोलियां चला रही है। पीएम मोदी ने किसानों से एमएसपी का वादा किया था और बाद में पलट गए। पूरी दुनिया ने देखा कि किसान सवा साल बॉर्डर पर बैठे, जहां 750 से ज्यादा किसानों ने शहादत दी। तब पीएम मोदी ने माफी मांग कर वो कृषि कानून वापस लिए थे। अब वो वादा याद दिलाने के लिए किसान जाना चाहते हैं तो हरियाणा सरकार किसानों को रोक रही है। उन्होंने कहा कि आज तक प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों की शहादत पर एक शोक प्रस्ताव भी पास नहीं किया। इससे पता लगता है कि भाजपा किसान विरोधी सरकार है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने उस व्यक्ति नायब सैनी को मुख्यमंत्री बनाया है। उनको हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों की जिम्मेदारी दी है, जो अपनी पत्नी को जिला परिषद का चुनाव नहीं जीता पाए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार दिल्ली में डॉ. साहब सिंह को हटाकर तीन महीने के लिए सुषमा स्वराज को मुख्यमंत्री बनाया था और वो आखिरी मुख्यमंत्री साबित हुई थी। उसके बाद 25 साल हो गए दिल्ली में भाजपा का राज नहीं आया। ऐसा ही हाल भाजपा का हरियाणा में होने वाला है। कुरुक्षेत्र लोकसभा के जिस गांव में भी हम जा रहे हैं हमें जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है और हर व्यक्ति बदलाव के लिए वोट करने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा पूरे देश में महंगाई, बेरोजगारी और अपराध में नंबर एक पर है। भाजपा के राज में हरियाणा में कानून का नहीं गोली का राज हो गया है। हरियाणा में भाजपा सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है।  मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हर दुख सुख की घड़ी में आपके बीच रहकर जनसेवा करूंगा। उन्होंने कहा कि मैं आपको बता देना चाहता हूं अरविंद केजरीवाल ने मुझे सिखाया है या तो जनता से डरना है और या भगवान से डरना है। संसद में कुरुक्षेत्र की आवाज गूंजेगी। भाजपा हमारे नेताओं को गिरफ्तार कर रही है, लेकिन हमारी सोच को कैसे गिरफ्तार करोगे।

वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा ने कहा कि आज हम कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार डॉ. सुशील गुप्ता के लिए सहयोग व समर्थन मांगने आपके बीच आए हैं। आपने पहले भी वोट दी, सरकारे बनाई भी और बदली भी। लेकिन इस बार का चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है और ये चुनाव देश के संविधान और प्रजातंत्र को बचाने का चुनाव है। क्योंकि आज की मौजूदा सरकार का प्रजातंत्र में कोई विश्वास नहीं है। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की शहादत की बदौलत हमें आजादी मिली थी, क्योंकि उन्होंने हम सबके लिए आजादी मांगी थी। लेकिन आज की सरकार के खिलाफ कोई बोलता है तो उसको ईडी और सीबीआई के माध्यम से जेल में डाल देते हैं और यदि कोई उनका विरोध करता है तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं।

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश से इलेक्ट्रोल बॉन्ड की सच्चाई देश के सामने आई। साढ़े 8 हजार करोड़ रुपए की राशि बीजेपी को अलग अलग कंपनियों ने दी। वहीं जिन दवाई कंपनियों के सैंपल फेल हुए उनसे भी चंदा खाने का काम किया। जब देश की जनता के अंदर इलेक्ट्रोल बॉन्ड के घोटाले की चर्चा चली तो ध्यान भटकाने के लिए केजरीवाल को जेल में डाल दिया गया। वहीं कांग्रेस के खाते सीज कर दिए गए। वहीं एक दिन पहले हजारों करोड़ का इनकम टैक्स का नोटिस भेज दिया। इस प्रकार विपक्षी पार्टियों को खत्म का प्रयास किया जा रहा है। इसलिए हम सब मिलकर संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सरपंचों, किसानों, युवाओं और आशा वर्करों पर लाठियां भांजी कल जब आम आदमी पार्टी प्रदर्शन करने कुरुक्षेत्र में सीएम आवास पर गए तो डॉ. सुशील गुप्ता और इनके कार्यकर्ताओं को भी लाठियां मारी। उन्होंने कहा कि भाजपा का लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं हैं। भाजपा सरकार नेताओं पर लाठियां बरसा कर और इन्हें जेल में डालकर जनता को ये बताना चाहती है कि तुम्हारे साथ भी ऐसा ही होगा इसलिए हमें वोट दो। उन्होंने कहा कि भाजपा रोजगार और महंगाई पर बात नहीं कर रही है। इसलिए आज हम सबको इकट्‌ठा होना है और इसीलिए इंडिया गठबंधन बना है। इसलिए अब देश और लोकतंत्र को बचाने के लिए इंडिया गठबंधन को जिताना है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *