आम आदमी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता “आप” और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक में हुए शामिल

नवीन जिंदल और संदीप गर्ग को ईडी का डर दिखाकर भाजपा ज्वाइन करवाई: डॉ. सुशील गुप्ता

पीएम मोदी जिस नवीन जिंदल को कोयला चोर कहते थे, भाजपा में आते ही उसके सारे भ्रष्टाचार धुल गए: डॉ. सुशील गुप्ता

अब जनता के पास भाजपा के कुशासन का हिसाब करने का समय: दीपेंद्र हुड्डा

रोहतक, 28 मार्च

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और सीपीआईएम के कार्यकर्ताओं के संयुक्त सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौजूद रहे। इस दौरान आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और सीपीआईएम ने संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन कर एकजुटता का संदेश दिया। इस मौके पर कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा, शकुंतला खटक, पूर्व मंत्री आनंद सिंह दांगी, कामरेड इंद्रजीत सिंह, कामरेड जगमति सांगवान, बिजेंद्र हुड्डा, लवलीन टुटेजा, विकास नेहरा, एडवोकेट महेश शर्मा, प्रवीण घुसखानी, दीपक धनखड़, मोक्ष पसरीजा, अश्विनी दुलहेड़ा, डॉ. अनिल रंगा, महेंद्र पुनिया, रामरत्तन हुड्डा, अरुण हुड्डा, नवीन सांपला समेत आम आदमी पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा लोग सोच रहे हैं कि एक दूसरे का विरोध करने वाली कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का गठबंधन कैसे हुआ। यह गठबंधन भारत का संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए बना है। आजादी की लड़ाई लड़ने के लिए एक साथ मिलकर जाने न कितने लोगों ने कुर्बानी दी, ठीक उसी प्रकार लोकतंत्र और देश को बचाने के लिए सभी दल एक साथ आए हैं।

उन्होंने कहा कि आज पूरे हिंदुस्तान के किसान संघर्ष कर रहे हैं और प्रधानमंत्री मोदी को एमएसपी की गारंटी का वादा याद करवाना चाहते हैं। लेकिन यह सरकार किसानों पर लाठियां और गोलियां बरसा रही है। भाजपा सरकार ने गांव की छोटी सरकार सरपंचों के अधिकार समाप्त कर दिए। भाजपा सरकार ने सरपंचों और आशा वर्कर्स पर भी लाठियां बरसाई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के राज में हरियाणा में हर रोज गोलियां चलती हैं, एक राजनीतिक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की गोली मारकर राजनीतिक हत्या कर दी गई। व्यापारियों पर खुले आम गोलियां चलाकर फिरौती मांगी जा रही है। हरियाणा का हर वर्ग इस सरकार से असंतुष्ट है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों की आय दोगुनी, किसानों को एमएसपी देने का वादा किया था और हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के सभी वादे जुमला निकले। देश में गरीब और गरीब होता जा रहा है और भाजपा 5 किलो राशन देकर कहती है हमने बड़ा काम कर दिया। हिंदुस्तान में गरीबों की संख्या बढ़ती जा रही है।

उन्होंने कहा कि जो नेता भाजपा के खिलाफ बोलता है उस पर ईडी, सीबीआई और पुलिस के माध्यम से डराया धमकाया जाता है। भाजपा सरकार ने एक फर्जी केस में जिसकी इंक्वारी डेढ़ हजार अफसर कर रहे हैं और 1000 से ज्यादा जगह पर रेड कर चुके हैं। लेकिन इस केस में आज तक 25 पैसे भी बरामद नहीं हुए। उस फर्जी केस में आम आदमी पार्टी के नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। क्योंकि आम आदमी पार्टी ने जनता के हित में कार्य किए हैं। भाजपा चाहती है कि इंडिया गठबंधन टूट जाए। उन्होंने कहा कि जब से इंडिया गठबंधन बना है तब से खेलो इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया और मेक इन इंडिया की बात करने वाली भाजपा हर जगह से इंडिया नाम के हटाने पर लगी है। लेकिन जीतेगा तो इंडिया ही।

उन्होंने कहा कि आज तक जीतने भी चुनाव हुए उसमें भाजपा के 30-35% से ज्यादा वोट कभी नहीं आए। लेकिन विपक्ष बिखरा हुआ होता था इसलिए भाजपा जीत जाती थी।  इससे भाजपा में हड़प्पा पहुंच गया और चारों तरफ संदेश भेजने वालों कि हम आपके सभी मंत्रियों को बाहर कर देंगे इस गठबंधन को तोड़ दो। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं तुम्हारी गीदड़ भभकियों से नहीं डरता। इंडिया गठबंधन में था हूं और रहूंगा। जब ये इंडिया गठबंधन नहीं तोड़ पाए तो अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। आज अरविंद केजरीवाल बिना झुके, बिना डरे जेल से सरकार चला रहे हैं। यह हाई कोर्ट गई की कोई आदमी जेल से सरकार कैसे चल सकता है लेकिन हाईकोर्ट ने उनकी अर्जी को निरस्त कर दिया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा और कुरुक्षेत्र में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ता भाजपा की जमानत जब्त कराने में लगे हैं। 10 साल से हरियाणा और केंद्र में सरकार होने के बावजूद भाजपा को कुरुक्षेत्र से लड़ने के लिए उम्मीदवार नहीं मिला। भाजपा ने सोशल मीडिया पर कपड़े के थान की तरह उम्मीदवार बदले। जब कोई नहीं मिला तो नवीन जिंदल को लेकर आए। जो नवीन जिंदल कह रहा था मुझे चुनाव नहीं लड़ना। तो भाजपा ने नवीन जिंदल और संदीप गर्ग को ईडी डर दिखाकर भाजपा में ज्वाइन करवाया। नवीन जिंदल ने 2022 में भाजपा को 182 करोड रुपए का चंदा दिया। प्रधानमंत्री मोदी जिस नवीन जिंदल को कोयला चोर कहते थे वह पता नहीं आज कोहिनूर कैसे हो गया। प्रधानमंत्री मोदी बताएं कि वह कौन सी वाशिंग मशीन थी जिसमें नवीन जिंदल के सारे भ्रष्टाचार धुल गए।

उन्होंने कहा कि आपका सांसद ऐसा होना चाहिए जो संसद में जनता की लड़ाई लड़े कर सके। ये लड़ाई देश का लोकतंत्र बचाने के लिए है। जो नरेंद्र मोदी संसद में तानाशाही दिखाकर 45 सांसदों को सस्पेंड करता है उसका जवाब जनता को देना होगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट जीतने के लिए कर रहे हैं ऐसी ही मेहनत रोहतक को जीतने के लिए करनी है। आज जिस गांव में भी हम जा रहे हैं हमें जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है और हर व्यक्ति बदलाव के लिए वोट करने के लिए तैयार हैं। इस बार हरियाणा में भाजपा की जमानत जब्त होगी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि जिस प्रकार इंडिया डॉ. सुशील गुप्ता आज रोहतक में हमारा साथ देने के लिए आए हैं वैसे हम भी कुरूक्षेत्र में आपका पुरा साथ देंगे। इंडिया गठबंधन के सभी साथी मिलकर डॉ. सुशील गुप्ता को कुरूक्षेत्र लोकसभा सीट से मजबूती से जीताने का काम करेंगे। इंडिया गठबंधन बदलाव की लड़ाई लड़ रहा है। हम देश की भविष्य, संविधान और प्रजातंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। इंडिया गठबंधन किसान, युवा और महिलाओं के सम्मान को बचाने की लड़ाई कर रहा है।  अब जनता के पास समय आ गया है भाजपा के पिछले 10 साल के कुशासन का हिसाब करने का। 2014 से पहले हरियाणा प्रति व्यक्ति आय में नंबर वन था, निवेश में नंबर एक था, खिलाड़ियों के सम्मान के लिए हरियाणा का उदाहरण दिया जाता था और भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व वाली सरकार में हरियाणा में कभी झगड़ा नहीं हुआ। हरियाणा लगातार प्रगति कर रहा था। जो हरियाणा विकास में नंबर वन था वो भाजपा के राज में बेरोजगारी में नंबर वन हो गया है।  2014 के मुकाबले हरियाणा में तीन गुना बेरोजगारी बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में हरियाणा में ना कोई उद्योग स्थापित हुआ कोई निवेश किया और भाजपा सरकारी रोजगार को खत्म करने की नीति पर काम कर रही है। भाजपा द्वारा हरियाणा में ढाई लाख सरकारी पद खत्म कर दिए या उनको कौशल में परिवर्तित कर दिया। हरियाणा में हर साल सेना में साढ़े पांच हजार भर्ती होती थी, लेकिन ने अग्निवीर योजना लाकर उसको भी खत्म कर दिया। भाजपा ने हरियाणा के नौजवान को गर्त में धकेल दिया है। जिस कारण हरियाणा का नौजवान नशे और डिप्रेशन में जा रहा है। जिस हरियाणा में दूध दही का खाना था आज उस हरियाणा को भाजपा ने नशे में नंबर वन बना दिया है। बेरोजगारी के कारण हरियाणा का युवा विदेशों की ओर पलायन करने को मजबूर है।

उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम खट्टर 75 पर का नारा देते थे और पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला भाजपा जमना पार का नारा देते थे। लेकिन इलेक्शन होते ही दोनों पक्के यार बन गए। भाजपा और जजपा का प्रदेश की जनता को लूटने का समझौता हुआ था।  उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में अपराध लगातार बढ़ रहा है। पहले इनेलो के राज में जेलों से फोन आते थे, अब विदेशों से फोन आ रहे हैं। भाजपा ने हरियाणा में काम नहीं किया बल्कि हर वर्ग का अपमान किया।  उन्होंने कहा कि हमारी बेटियों का अपमान करने वालों का अहंकार हम सब मिलकर तोड़ेंगे। 31 मार्च दिल्ली में इंडिया गठबंधन की महारैली में कांग्रेस का हर कार्यकर्ता पहुंचेगा और अरविंद केजरीवाल पर ईडी की कार्रवाई का विरोध करेगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *